रायपुर

दो दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव में होगी मनोरंजन और मस्ती.. बच्चों की प्रतिभा को मिलेगा प्लेटफार्म

रायपुर। समता कालोनी अग्रवाल सभा की ओर से आगामी 7-8 अक्टूबर को भगवान अग्रसेन जयंती महोत्सव 2023 का आयोजन चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडळ भवन में किया जा रहा है। बतादें कि अग्रसेन महाराज की जयंती रविवार 15 अक्टूबर 2023 को पूरे उत्साह के साथ मनाई जाएगी। आयोजन की तैयारी को लेकर 23 सितंबर को महाराष्ट्र मंडळ में एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें समाज के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। आयोजन को लेकर सभी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अग्रवाल सभा समता कालोनी, नगर निगम मोहल्ला समिति के संयोजक कमल गुप्ता और सह संयोजक विकास जिंदल ने बताया कि आगामी 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय अग्रसेन जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ 7 अक्टूबर को पंडरी कपड़ा व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रकाशचंद अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में शुरू होगा। दो दिवसीय कार्यक्रम में समाज के सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए विविध आयोजन किए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन 8 अक्टूबर को नगर निगम के अपर आयुक्त अभिषेक अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में होगा।

 संयोजक कमल गुप्ता और सह संयोजक विकास जिंदल ने आगे बताया कि दो दिवसीय कार्यक्रम में पहले दिन तोरण बनाओं स्पर्धा होगी। वहीं भारत के किसी भी राज्य की थीम लेकर प्रस्तुति, मेहंदी प्लेटर और हमारे संस्कारों और संस्कृति पर आधारित प्रस्तुति होगी। जिसमें रामायण, महाभारत, श्याम बाबा, अग्रसेन महाराज की कहानियों का मंचन किया जाएगा। वहीं बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस और डांस भी होगा। पहले दिन का अंतिम कार्यक्रम अंताक्षरी रखा गया है। जिसमें 14 वर्ष से अधिक उम्र के कोई भी भाग ले सकेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि दूसरे दिन रविवार 8 अक्टूबर को चित्रकला, रंगभरो, गांव की गोरी-शहर की छोरी, छोटे सेठ सेठानी, एक मिनट गेम शो, युवाओं के लिए अग्र गाट टैलेंट और महिला सम्मेलन का आयोजन होगा। जिसमें महिलाएं गीत और नृत्य प्रस्तुत करेंगी। इसके साथ दूसरे दिन समाज के बुजुर्गों का सम्मान किया जाएगा। जिनका आशीर्वाद हम पर बना रहता है। कार्यक्रम के समापन पर सभी स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ समाज के प्रतिभावान बच्चों का भी सम्मान होगा।