डा. अरविंद नेरल ने 63 की उम्र में किया रक्तदान.... कहा- 65 की उम्र तक कर सकते हैं रक्तदान
रायपुर। राजधानी के मेडिकल कालेज में हीरक जयंती वर्ष के विभिन्न समारोह के कड़ी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पैथालाजी विभाग और माडल ब्लड बैंक द्वारा अंबेडकर असपताल के टेलीमेडिसिन हाल में आयोजित शिविर में कालेज के 60 लोगों ने रक्तदान किया इसमें पैथालाजी के विभागाध्यक्ष डा अरविंद नेरल भी शामिल थे। डा. नेरल ने 63 वर्ष की उम्र में 124वीं बार रक्तदान किया। चिकित्सा महाविद्यालय के 17 वरिष्ठ शिक्षकों ने भी रक्तदान किया।
अंबेडकर अस्पताल में लगे इस शिविर में ऐसा पहली बार हुआ कि कि चिकित्सा शिक्षकों ने पहली बार उत्साह के साथ रक्तदान में भाग लिया हो। रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए चिकित्सा महाविद्यालय की अधिष्ठाता डा. तृप्ति नागरिया और अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डाय एसबीएस नेताम भी शिविर में उपस्थित थे।
डा. अरविंद नेरल ने बताया कि महाविद्यालय को 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 60 लोगों ने रक्तदान किया। यह रक्त विशेष तौर पर थैलीसीमिया और सिकलसेल के जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया जाएगा। रक्तदान के लिए अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष हो चुकी है। पहले 60 साल तक की उम्र के स्वस्थ्य लोग ही रक्तदान कर सकते थे। करीब सात साल पहले इस सीमा को बढ़ाकर 65 वर्ष कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आयु सीमा को लेकर बहुत से लोगों को अभी भी भ्रम बना हुआ है।