रायपुर

भागवत श्रवण कर रही महतारियों से बोले विधायक पुरंदर, हर साल मिलेंगे अब आपको 12 हजार

रायपुर। राजधानी रायपुर के लोधीपारा निवासी जंघेल परिवार के आमंत्रण पर श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह में शामिल होने रायपुर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा शुक्रवार दोपहर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने श्रीभागवत महापुराण और भगवान श्रीहरि को प्रणाम किया, पश्चात व्यासपीठ पर विराजमान आचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर भागवत श्रवण कर रही महतारियों को विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि अबसे आपको हर साल 12 हजार मिलेंगे, जिससे आपकी आर्थिक समस्याएं काफी हद तक कम हो जाएंगी। 

उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी घोषणा पत्र में हर परिवार की प्रत्येक महिला को हर माह एक हजार यानी साल में 12 हजार रुपए देने का वादा किया है। जिसे महतारी वंदन योजना का नाम दिया गया है और प्रत्येक महिला से फार्म भरवाया जा रहा है। श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह श्रवण कर रही महिलाओं का ध्यान आकर्षित कराते हुए विधायक पुरन्दर ​ने कहा कि आप सभी को आर्थिक तौर पर सबल बनाने के लिए ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस योजना को प्रारंभ किया है, जिसका लाभ परिवार की प्रत्येक महिलाओं को मिलेगा। 

वहीं अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि यह मेरा परम सौभाग्य है जो आप सभी के बीच आने का मौका मिला है और भागवत महापुराण श्रवण कर पाया हूं। उन्होंने कहा कि आप सबके स्नेह और आशीर्वाद का हृदय से आभारी हूं और आपने मुझपर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का मेरा प्रयास कभी कमजोर नहीं होगा।