बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे पिता... हाइवा ने लिया चपेट में... पिता सहित दो बच्चों की मौत
रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क हादसों का कहर आए दिन किसी न किसी की जान ले रहा है। राजधानी के अभनपुर इलाके में रफ्तार की कहर ने आज फिर तीन लोगों की जिंदगी छीन ली। यहां हुए भीषण सड़क दुर्घटना में पिता सहित दो मासूम बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, इधर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
मिली रही जानकारी के अनुसार हादसा अभनपुर इलाके के गोबरा-नवापारा के तर्री मार्ग स्थित बगदेही पारा के पास हुआ। जहां पिता अपने दो बच्चों को बाइक में लेकर स्कूल छोड़ने जा रहा था। उसी दौरान तेज रफ़्तार हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पिता सहित दो मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक हाईवा लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, हादसे को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है, वहीं पिता सहित दो बच्चों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।