विकसित भारत संकल्प यात्रा का हुआ शुभारंभ, CM साय और बृजमोहन अग्रवाल हुए शामिल
रायपुर। विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होने राजधानी रायपुर के बूढ़ा तालाब परिसर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीप प्रज्वलित कर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद सुनील सोनी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल और पुरंदर मिश्रा सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद हैं। वहीं वर्चुअल रूप से देश के प्रधानमंत्री मोदी भी कार्यकर्म में शामिल हुए है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों में विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ में रायपुर के विवेकानंद सरोवर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वाहनों को हरी झंडी दिखाई। प्रदेश के सभी जिलों में विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ हुआ। रथों के माध्यम से आमलोगों को शासकीय योजनाओं की जानकारी मिलेगी। समयबद्ध रूप से योजनाओं का जरूरतमंदों का लाभ दिलाना विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य है।
रायपुर में सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद यह मेरा पहला सार्वजनिक कार्यक्रम है मैं यह बताना चाहता हूँ कि हमारे प्रधानमंत्री ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो जनहित में योजनाएं बनाते हैं। साथ ही योजना का लाभ लोगों तक पहुँचे यह भी सुनिश्चित करते हैं। ग़रीबों को आगे बढ़ाने के लिए उनकी सरकार समर्पित होकर कार्य करती है हमारे प्रधानमंत्री ने कोरोना के समय भी देश के नागरिकों की रक्षा की। प्रधानमंत्री ने कोरोना जैसी महामारी को ख़त्म कर पूरे विश्व को संदेश दिया है।
मैं मुख्यमंत्री के नाते आश्वस्त करना चाहता हूँ कि मोदी की गारंटी पूरी होंगी। शपथ ग्रहण के दूसरे ही दिन हमने केबिनेट में यह निर्णय लिया है कि 18 लाख लोगों को आवास मिलेगा। आपके आशीर्वाद से हम मोदी की गारंटी प्रदेश में पूरा करेंगे। विकसित भारत संकल्प यात्रा आज से प्रारम्भ होकर 26 जनवरी 2024 तक चलेगी। आप सभी से आग्रह करना चाहता हूँ की आप सभी हितग्राहियों के फार्म भरवा कर योजनाओं का लाभ दिलवाने में उन्हें मदद करें।