रायपुर

छत्तीसगढ़ के 12 लाख किसानों के खातों में आए 3,716 करोड़ रुपये, CM बोले- यह है मोदी की गारंटी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए 25 दिसंबर का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। प्रदेश के 12 लाख किसानों के खातों में डॉ. रमन सिंह सरकार के कार्यकाल का बकाया बोनस ट्रांसफर किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, आज का ये दिन बड़ा ऐतिहासिक दिन है। 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिवस सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के किसानों से हमने वादा किया था कि छत्तीसगढ़ में सरकार बनते ही 2 साल का बकाया बोनस हम किसानों को देंगे। आज हमने छत्तीसगढ़ के 12 लाख से ज्यादा किसानों को 3,716 करोड़ रुपये हमने ट्रांसफर कर दिया है। जिस भी बैंक में किसानों का खाता है, उन सभी को पैसा पहुंच गया है। 

विष्णुदेव साय ने कहा, किसान आज काफी खुश हैं। राज्य के किसानों का विश्वास छत्तीसगढ़ की सरकार और मोदी पर बढ़ा है। हमने सरकार बनते ही गरीबों को 18 लाख आवास देने का निर्णय लिया। कई लोगों ने घर के लिए कर्ज लिया, कई अपना घर बना ही नहीं पाए उनके लिए आवास स्वीकृत किया गया है। मोदी की गारंटी हम पूरी तरह से निभाएंगे। साय ने कहा, गरीब भूमिहीन मजदूरों को 10 हजार रुपये सालाना भी देंगे। पारदर्शिता के साथ 1 लाख सरकारी पदों पर भर्ती करेंगे। हमारा वादा है हम 5500 मानक बोरा के हिसाब से 15 दिन तक तेंदूपत्ता खरीदेंगे। विवाहित महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हर माह ₹1000 देने का प्रावधान भी हमने अनुपूरक बजट में कर दिया है। अब माताओं बहनों के खाते में साल में ₹12000 जाएगा।