आरटीईः आनलाइन आवेदन 1 मार्च से होगा प्रारंभ.... 1 फरवरी से अपडेट होगा स्कूल का डाटा
रायपुर। निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत वर्ष 2024-25 के लिए आनलाइन आवेदन के पहले निजी स्कूलों का प्रोफाइल अपडेट और सत्यापन भी किया जाएगा। प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया 1 मार्च 2024 से शुरू होगी। आरटीई के तहत प्रवेश के लिए इस वर्ष भी गत वर्ष की भांति आनलाइन आवेदन लिए जाएंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा प्रवेश के संबंध में समय-सारिणी जारी कर दी गई है। प्रवेश प्रक्रिया का प्रथम चरण 1 मार्च से प्रारंभ होगा। संभागीय संयुक्त संचालकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी पत्र में कहा गया है कि पूर्व में भी इस कार्यालय द्वारा प्रवेश की प्रक्रिया और आनलाइन पद्धति के संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए गए है। इस संबंध में अधिनियम के प्रावधान अंतर्गत नोडल अधिकारी की जानकारी, क्षेत्र का निर्धारण, मान्यता संबंधी कार्रवाई पूर्ण करना, आरक्षित सीटों का निर्धारण, प्रवेश एवं सूचना के लिए आवेदन प्राप्त करना, आवेदन पत्रों की समीक्षा एवं आवंटन प्रक्रिया के लिए समय सारिणी का ध्यान रखा जाए।
स्कूल प्रोफाइल अपडेट कार्य 1 फरवरी से 28 फरवरी तक होगा। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सत्यापन का कार्य भी उक्त अवधि में ही किया जाना है। इसके पश्चात छात्र पंजीयन आवेदन 1 मार्च से 15 अप्रैल तक होगा। नोडल अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की जांच 18 अप्रैल से 17 मई तक की जाएगी। लाटरी और आवंटन 20 से 30 मई तक होगा। इसके बाद स्कूल में दाखिले की प्रक्रिया 1 जून से 30 जून तक चलेगी।
सीटें रिक्त होने की स्थिति पर द्वितीय चरण की प्रवेश प्रक्रिया 1 जुलाई से शुरू होगी। नवीन स्कूल पंजीयन आवेदन और सत्यापन कार्य 15 से 30 जून तक होगा। 1 से 8 जुलाई तक आवेदन, 9 से 15 जुलाई तक दस्तावेजों की जांच, 17 से 20 जुलाई लाटरी और 20 स्कूल से दाखिला शुरू होगा।