बोर्ड परीक्षा 1 मार्च से 23 मार्च तक... 10वीं 3.47 लाख और 12वीं 2.62 लाख बच्चे होंगे शामिल
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2023-24 के लिए कक्षा 10वीं व 12वीं परीक्षा की समय सारिणी जारी कर दी है। माशिमं की ओर से जारी टाइम टेबल के अनुसार 12वीं की परीक्षा 1 मार्च और दसवीं की परीक्षा 2 मार्च से शुरू होंगी। जारी टाइम टेबल के अनुसार 12वीं की परीक्षा 23 मार्च तक होंगी। वहीं 10वीं की परीक्षा 21 मार्च को समाप्त होंगी। बोर्ड परीक्षाएं कुल 23 दिन चलेंगी। बतादें कि इस बार दसवीं में 3 लाख 47 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है और 12वीं में 2 लाख 62 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए फार्म भरे हैं।
माशिमं के सचिव प्रोफेसर वीके गोयल ने बताया कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं के लिए टाइम टेबल घोषित कर दिया है। 12वीं की परीक्षा 1 मार्च और दसवीं की परीक्षा 2 मार्च से शुरू होगी। दसवीं में 3,47,000 विद्यार्थी परीक्षा के लिए आवेदन किए हैं और 12वीं में 2,62,000 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए फॉर्म भरे हैं।
बतादें कि 10वीं-12वीं बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं 10 जनवरी 2024 से आयोजित होंगी। इन परीक्षाओं की फाइल और प्रोजेक्ट छह महीने तक सुरक्षित रखी जाएंगी। प्रायोगिक-प्रोजेक्ट और थ्योरी परीक्षाओं के लिए पासिंग मार्क जरूरी है। इनके अंक वार्षिक परीक्षा में जुड़ेंगे। गौरतलब है कि कुछ स्कूलों द्वारा समय पर माशिमं को परीक्षा के रिकार्ड नहीं भेजे जाते, इससे बोर्ड का परिणाम प्रभावित होता है और बोर्ड को उनके परिणाम रोकने पड़ते हैं। इन सबको देखते हुए स्कूलों को माशिमं ने छह माह तक रिकार्ड रखने के निदेश दिए हैं।
बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नियमित छात्र-छात्राओं की प्रायोगिक परीक्षा 10 से 31 जनवरी के बीच आयोजित होगी। इस वर्ष बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रायोगिक परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को कोई अतिरिक्त मौका नहीं दिया जाएगा।