रायपुर

महतारी वंदन योजना पर फैसला शीघ्र..... मोदी की गारंटी पर उपमुख्यमंत्री शर्मा ने दिए संकेत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं को राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना का बेसब्री से इंतजार है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस गारंटी को जल्द पूरा करने का संकेत दिए है। सूत्रों से अनुसार बहुत जल्द योजना का शुभारंभ किया जा सकता है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के लिए बजट में प्रावधान कर लिया गया है। प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की राशि माताओं के खाते में डाली जाएगी।  उन्होंने कहा कि भूमिहीन मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। शर्मा ने कहा कि सभी वादों को मोदी की गारंटी में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक छत्तीसगढ़ की सरकार ने मोदी की गारंटी में शामिल दस बड़े गारंटी को पूरा किया है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कबीरधाम जिला के ग्राम केजादाह में आयोजित छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति से जुड़े मेला-मड़ई कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों की सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का विश्वास दिलाया। शर्मा ने ग्रामवासियों से कहा कि मेला मड़ई गांव की पारंपरिक संस्कृति से जुड़ा हुआ है। गांव की सुख समृद्धि  और एकजुटता के लिए इसका आयोजन किया जाता है। मेला मंड़ई कार्यक्रम पारंपरिक संस्कृति का हिस्सा है।