'अंकुर' के फैशन शो में जोशीले बच्चे दिखे एक- दूसरे से श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के प्रयास में
2024-02-05 12:00 PM
882
रायपुर। अंकुर सांस्कृतिक संस्था छोटे बाल कलाकारों के फैंसी ड्रेस शो में नौनिहालों में वीर हनुमान बनने की होड़ मची रही। 22 जनवरी को देशभर में रामोत्सव का बना वातावरण फैंसी ड्रेस शो में दिखा। कार्यक्रम में राम- लक्ष्मण के अलावा आधा दर्जन हनुमान के भेष में मासूम बच्चे दिखे।

सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में हुए फैंसी ड्रेस शो में एक से 10 वर्ष तक के बच्चे कृष्ण, राधा, मीरा, पायलट, किसान, एयर फोर्स अफसर, थल सेनाधिकारी, सब्जी वाला, फायरमैन, राजमाता जीजाबाई, श्रवण कुमार, देश के राष्ट्रीय चिन्ह, स्वामी विवेकानंद, शबरी, रानी लक्ष्मीबाई, सेना का जवान, पुलिस जवान, ट्रैफिक सिपाही सहित अनेकानेक वेशभूषा में बच्चों ने मंच पर परफार्म किया।

एक बच्चे ने पायलट बनने के तुरंत बाद रैपर सिंगर बनकर शानदार डांस भी किया। दर्शकों और बच्चों से खचाखच भरे हॉल में जो बच्चे पहली बार में मंच पर अपना संवाद आत्मविश्वास से नहीं बोल पाए, उन्हें दोबारा मौका देकर उनकी हौसला आफजाई की गई।