राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में सोमवार सुबह बारिश.... बढ़ी ठंड
फाइल फोटो
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और बारिश हुई। इसके साथ ठंड भी बढ़ गई। रविवार शाम गरज और चमक के साथ सरगुजा संभाग, भाटापारा और बलौबाजार जिले में ओले गिरे हैं। करीब आधे घंटे हुई ओलावृष्टि और बारिश ने जहां फसलों को नुकसान पहुंचाया है। वहीं रायपुर, भिलाई-दुर्ग सहित वनांचल इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है।
रविवार को हुई बारिश के कारण पेंड्रा जिले के किसान परेशान हैं। ओले गिरने से किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है, जबकि रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हुई है। मनेंद्रगढ़ जिले में रविवार सुबह रुक-रुक कर बारिश हुई है। रविवार का दिन होने की वजह से ज्यादातर स्कूलों की छुट्टी थी, लेकिन रोजमर्रा के काम पर निकले हुए लोग अचानक से हुई इस बारिश की वजह से परेशान हो गए।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से पश्चिम विदर्भ तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में प्रचुर मात्रा में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त अपेक्षाकृत गर्म हवा का आगमन लगातार जारी है। हवा का संगमन क्षेत्र बिलासपुर संभाग के पश्चिमी क्षेत्र बना बना हुआ है। इसके चलते जहां प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश हो सकती है वहीं प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि संभावित है जबकि अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट संभावित है।