गहमा-गहमी के बीच रायपुर प्रेस क्लब का मतदान पूर्ण... 658 मतदाताओं ने किया अपने मत का प्रयोग
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब का चुनाव काफी गहमा-गहमी और उल्लास के बीच शांति प्रिय ढंग से संपन्न हो गया। निर्धारित समय तक कुल 658 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। सुबह 8 बजे से ही मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला। वहीं दोपहर बाद राजधानी से बाहर रह रहे लोग भी मतदान करने प्रेस क्लब पहुंचे। देर शाम मतगणना के बाद परिणाम सामने आ जाएंगे।
बतादें कि 784 सदस्यों वाले रायपुर प्रेस क्लब में 17 फरवरी को शाम 4 बजे तक 76.53 फीसद मतदान हुआ। प्रेस क्लब में अध्यक्ष, महासचिव, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद के लिए मतदान हुआ। जहां अध्यक्ष पद के लिए संदीप पुराणिक, अनिल पुसदकर, सुकांत राजपूत, प्रफुल्ल ठाकुर, दामू आम्बेडारे मैदान में थे। वहीं महासचिव पद के लिए दीपक पांडे, महादेव तिवारी, मोहन तिवारी, वैभव शिव पांडेय और सुधीर तंबोली मैदान पर थे।
प्रेस क्लब परिसर में प्रशासन द्वारा चुनाव कराया जा रहा था, वहीं परिसर के बाहर लोगों को मेल मिलाप चल रहा है। लंबे समय बाद बड़ी संख्या में एक साथ लोग पहुंचे। कई पत्रकार अरसे बाद एक दूसरे से मिल रहे थे। चुनावी प्रचार के बीच लोगों ने अपने पुराने संस्थानों और सहयोगियों का हालचाल पूछा। सभी के चेहरे में चुनाव के साथ मिलने का उत्साह नजर आ रहा था।