रायपुर

पुलिस ने किया बलवा ड्रिल का अभ्यास.... सीआरपीसी की वैधानिक धाराओं पर चर्चा

रायपुर। पुलिस लाइन रायपुर में जनरल परेड के दौरान दंगो के दौरान कानून व्यवस्था स्थापित करने के लिए बलवा का माकड्रिल किया गया। एसएसपी संतोष सिंह के निर्देश पर बलवा ड्रिल के बाद जवानों को बलवा के दौरान लगने वाली सीआरपीसी की धाराओं की जानकारी दी गई।

बलवा ड्रील अभ्यास के दौरान परेड में सम्मिलित अधिकारियों और कर्मचारियों की पार्टी तैयार की गई। जिसमें प्रदर्शनकारी, मजिस्ट्रेट एवं उसके सहायक, अश्रु गैस दल, केन पार्टी, लाठी पार्टी, प्राथमिक उपचार पार्टी, पत्रकार एवं रायफल पार्टी शामिल थे। सभी ने इस ड्रिल के दौरान बलवा से निपटने का अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश बढ़ई एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने अभ्यास में शामिल जवानों को बताया कि उग्र भीड़ के दौरान क्या क्या सावधानी जरूरी होती है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने अभ्यास का निरीक्षण किया और सुधार के लिए आवश्यक टिप्स भी दिए। एसएसपी ने कहा कि जनरल परेड अंतर्गत पुलिस के व्यवसायिक ज्ञान तथा क्षमता का विकास हो इस दृष्टि से पुलिस जवानों को बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इस ड्रिल में 252 अधिकारी-कर्मचारीगण सम्मिलित हुए।