रायपुर

आपसी विवाद पर पीयूष ने की भाई पराग झा की हत्या.... देर रात फायरिंग से मोहल्ले में मचा हड़कंप

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर आपसी विवाद ने एक शख्स की जान ले ली। तैश में आकर आरोपी ने अपने छोटे भाई पर ही गोली चला दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया और घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे देर रात पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार करने के साथ ही उसके पास से पिस्टल जब्त किया है। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोलीकांड का यह मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है। सफ़ायर ग्रीन फ़ेज़ 2 आवासीय कॉलोनी में रविवार की रात करीब साढ़े 11 बजे यह घटना हुई। यहां रहने वाला पीयूष झा अपने भाई पराग झा के साथ ड्रोन रिपेयर का काम करता था। दोनों भाईयों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। मृतक पराग झा की मां ने बताया कि रविवार की रात भी दोनों भाईयों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गया था। जिसके बाद तैश में आकर पीयूष झा ने अपने छोटे भाई पराग झा पर पिस्टल से गोली चला दी। इस घटना में पराग झा की मौके पर ही मौत हो गई। उधर इस हत्याकांड के बाद आरोपी पीयूष अपनी कार से फरार हो गया  था।

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर एसएसपी संतोष सिंह के निर्देश पर तुरंत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नीरज चन्द्राकर, थाना प्रभारी विधानसभा दीपक पासवान घटना स्थल पर पहुंचे। मौके पर मृतक की मां से घटना की जानकारी लेने के बाद तत्काल क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपी के कार का नंबर एवं मोबाइल नंबर सभी थानों में दिया गया। पुलिस की इस तत्परता से फरार आरोपी पीयूष झा को डीडीनगर क्षेत्र में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत लेकर उसके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी ज़ब्त कर लिया है। पिस्टल लाइसेंसी है या फिर आरोपी ने किसी अन्य से हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए मांगा था, पुलिस इसकी जांच कर रही है।