वीआईपी गाड़ी में लाइसेंसी पिस्टल लेकर सीएम हाउस में घुसा युवक... 8 सुरक्षाकर्मी निलंबित
रायपुर। वीआईपी गाड़ी में सवार होकर एक युवक अपने लाइसेंसी पिस्टल के साथ मुख्यमंत्री निवास में प्रवेश कर गया। सीएम कक्ष के बाहर उसे रोक लिया गया। बहरहाल मामले में आठ सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, वहीं सूत्रों के अनुसार कुछ अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है। इंटेलिजेंस की टीम मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अऩुसार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुरक्षा में बड़ी चूक का यह मामला 25 फरवरी का बताया जा रहा है। सीएम साय से मुलाकात करने पहुंचा एक युवक पिस्टल लेकर सीएम हाउस में घुस गया था। यह शख्स लाइसेंसी पिस्टल लेकर सीएम आवास तक आ गया था, लेकिन सीएम कक्ष के बाहर उसे रोक लिया गया। फिर उस शख्स की पिस्टल जब्त कर ली गई।
बताया जा रहा है कि यह शख्स वीआईपी गाड़ी में आया था, जिसके चलते उनकी चेकिंग नहीं की गई थी। सीएम सुरक्षा में हुई चूक के मामले में एडीजी इंटेलिजेंस ने 8 सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अभी और सुरक्षा अधिकारियों पर गाज गिर सकती है। मामले की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं. सीएम सुरक्षा में तैनात वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।