दिव्यांगों का फ्री ऑपरेशन और आर्टिफीशियल लिम्ब का मैजरमेंट 17 मार्च को राजधानी में
रायपुर। नारायण सेवा संस्थान उदयपुर राजस्थान द्वारा 17 मार्च को जैन दादाबाड़ी में ऑपरेशन चयन एवं नारायण आर्टिफीशियल लिम्ब मैजरमेंट शिविर का आयोजन कर रही है। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाला यह शिविर संस्थान की ‘कुआं प्यासे के पास’ योजना के तहत होगा।
संस्थान के ट्रस्टी एवं निदेशक देवेंद्र चौबिसा ने बताया कि ऐसे लोग जिन्होंने किसी हादसे में या अन्य बीमारी के चलते अपना हाथ-पैर गंवा देने से अंगविहिन हुए है,उन्हें दिव्यांगता की दुःखभरी ज़िन्दगी से निकालने के लिए संस्थान निस्वार्थ भाव से प्रतिबद्ध है।
संस्थान के महागंगोत्री प्रभारी रजत गौड़ ने कहा कि नारायण सेवा संस्थान का यह फ्री कैम्प विशेष है। इसमें दिव्यांग बन्धुओं को संस्थान के अनुभवी एवं विशेषज्ञ ओर्थोटिस्ट एवं प्रॉस्थेटिक टीम द्वारा देखा जाएगा और टीम द्वारा उच्च गुणवत्ता युक्त और वजन में हल्के व टिकाऊ आर्टिफिशियल लिम्ब के लिए व्यवस्थित कास्टिंग कर लिम्ब बनाये जायेंगे।
संस्थान के जनसंपर्क एवं मीडिया प्रभारी भगवान प्रसाद गौड़ ने कहा कि इस शिविर का लाभ लेने के इच्छुक दिव्यांग स्वयं का आधार कार्ड, डिसेबिलिटी प्रमाण पत्र और दिव्यांगता दिखाते हुए 2 फोटो लेकर आए। रोगियों को कैम्प स्थल पर निःशुल्क भोजन वितरित किया जाएगा।