मौसमः राजधानी सहित पूरे प्रदेश में बढ़ रही गर्मी, पारा पहुंचा 37 के पार
रायपुर। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में मार्च का शुरूआती सप्ताह में गर्मी बढ़ने लगी है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो-तीन डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। फिलहाल आगामी कुछ दिनों तक तापमान में कोई बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि मौसम में बदलाव की संभावना है। प्रदेश के कई इलाकों में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में निम्न स्तर के बादल छाए रहेंगे।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आगामी कुछ दिन तक न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही गरज-चमक, ओलावृष्टि और अंधड़ होने की संभावना है।
शनिवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। वहीं सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस नारायणपुर में दर्ज किया गया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो कि सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि अरब सागर से उत्तर-पश्चिम भारत तक प्रचुर मात्रा में नमी आ रही है। प्रदेश में क्षोभमंडल के निम्न स्तर पर प्रचुर मात्रा में बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है । 3 मार्च को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की भी संभावना है। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः उत्तर छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।