BREAKING NEWS : लोकसभा लड़ेंगे या फिर विधानसभा... सवाल के जवाब में... विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने दिया यह जवाब...
2023-02-28 03:40 PM
139
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र बुधवार 1 मार्च से शुरु होने जा रहा है। सत्र शुरु होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आज औपचारिक पत्रवार्ता ली, जिसमें उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब दिया। मीडिया से चर्चा में डॉ. महंत ने बजट सत्र अधिसूचना को लेकर बताया कि 1 मार्च से सदन की कार्रवाई शुरु की जाएगी। सत्र की कार्रवाई के बीच में ही होली पर्व है, लिहाजा 6 मार्च को लंच के बाद होली मिलन का कार्यक्रम भी विधानसभा परिसर में आयोजित किया जाएगा।
सवालों के जवाब के दौरान पूछे जाने पर कि अगली बार लोकसभा लड़ना चाहेंगे, या फिर विधानसभा चुनाव में भाग्य आजमाएंगे..? इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने सपाट शब्दों में जवाब दिया कि फिलहाल इस बारे में उन्होंने कुछ भी नहीं सोचा है। डॉ. महंत ने कहा कि उनकी सिर्फ यही इच्छा है कि जिस तरह से वर्तमान में स्थिति है, आने वाले समय में भी उनके विधायक इसी तरह से जीतकर आएं और इसी तरह की स्थिति बनी रहे। उनके कहने का सीधा मतलब था कि कांग्रेस की फिर से सरकार बने।
वहीं उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर किए गए सवाल पर कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए यह एक ऐतिहासिक समय था। प्रदेश कांग्रेस को मेजबानी करने का जो अवसर मिला, वह अपने आप में बड़ी बात है। इससे भी बड़ी बात यह है कि मेहमान को किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा। कोई भी शिकायत सामने नहीं आई। सभी लोग संतुष्ट होकर लौटे हैं और आयोजन को लेकर प्रशंसा भी मिल रही है।