पाली महोत्सव से मिलती है छत्तीसगढ़ की संस्कृति को अलग पहचान: लखनलाल देवांगन
रायपुर :- महाशिवरात्रि पर्व सहित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को समर्पित कोरबा जिले के ग्राम केराझरिया में दो दिवसीय पाली महोत्सव का शुभारंभ उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन,राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय सहित अन्य अतिथियों ने द्वीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और महाशिवरात्रि की बधाई दी और कहा कि पाली का ऐतिहासिक शिव मंदिर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पाली महोत्सव के माध्यम से यहाँ की संस्कृति को अलग पहचान मिल रही है।
इस दौरान राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। भगवान महादेव हमारे देश में आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है और हम सबकी कामना है कि महादेव हम सभी देशवासियों को खुश रखे,उन्हें सफलता की राह में आगे बढ़ाए। हमारा छत्तीसगढ़ और हमारा भारत लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़े। उन्होंने महिला दिवस से जोड़कर कार्यक्रम का आयोजन करने और महिला कलाकारों का सम्मान किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि हमारे देश में नारी शक्ति वंदनीय है। सरकार द्वारा महतारी वन्दन योजना के माध्यम से नारी शक्ति को आर्थिक रुप से सशक्त किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को लगातार विकास की राह में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने महिला दिवस और महाशिवरात्रि की सभी को बधाई दी। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने राज्य शासन की योजनाओं के बारे में बताते हुए लोगों को इसका लाभ उठाने तथा पाली महोत्सव के आयोजन में सभी को सम्मिलित होने की अपील की। कलेक्टर अजीत वसंत ने स्वागत भाषण के माध्यम से पाली महोत्सव के आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि पर्व और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को ध्यान रखकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। महिलाओं को सम्मान देने महिला कलाकारों को मंच दिया गया है ताकि अन्य महिलाएं प्रेरित हो सकें।
इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कँवर, जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकला कँवर, जनपद अध्यक्ष दुलेश्वरी सिदार, अध्यक्ष नगर पंचायत पाली उमेश चंद्रा सहित सरपंच केराझरिया सत्यनारायण पैकरा सहित अन्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने पाली महोत्सव के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुफ्त उठाया।