महाराष्ट्रीयन स्वर्णकार समाज ने किया संत शिरोमणि नरहरी महाराज का स्मरण
रायपुर। महाराष्ट्रीयन स्वर्णकार समाज रायपुर ने 10 मार्च को संत शिरोमणि नरहरी महाराज का पुण्य स्मरण करते हुए पुण्यतिथि मनाई। बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संत शिरोमणि को याद किया गया। इस बार बच्चों की परीक्षा को देखते हुए वार्षिक उत्सव इस तारीख को नहीं मनाने का निर्णय कार्यकारिणी के द्वारा लिया गया था। जिसके कारण समाजजनों की संख्या कुछ कम थी। जिससे समाज की कार्यकारिणी निराश नहीं है। वरन दीपावली के करीब वार्षिक उत्सव लेने का प्रयास कर रही है, जिसमें समाज के सभी वर्ग शामिल हो सके।
महाराष्ट्रीयन स्वर्णकार समाज के सचिव संतोष प्रभाकर भजे ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि येरपुड़े जामुल भिलाई रहे। उनके साथ में मंचासीन वासुदेव दाते, पूर्व अध्यक्ष श्री भाऊ राव ढोमने, समाज के संस्थापक सदस्य प्रदीप खरवड़े, अध्यक्ष ध्रुव कुमार बांगरे, संघठन प्रभारी शुशील राव पोगड़े और साथ में समाज के सचिव संतोष प्रभाकर भजे द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में भाऊ राव ढोमने ने संत शिरोमणि के जीवनी में प्रकाश डालते हुए समाज के सदस्य से नम्र और विनम्र होते हुए समाज का संचालन करने की बात कहीं। तत्पश्चात संजय गुर्वेकर का सम्मान किया गया। जिसमें उनके परिवार द्वारा अनुकरणीय पहल मृत्यु भोज बंद कर समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम बहुत सीमित समय के लिए आयोजित किया गया था। जिसे ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम की समाप्ति पर समाज के सचिव संतोष प्रभाकर भजे ने समाज के आए हुए सदस्यों को धन्यवाद देते हुए मंच से आव्हान किया गया की वार्षिक उत्सव की तैयारी में समाज की कार्यकारिणी जुट जाए।