नारायण सेवा संस्थान का छत्तीसगढ़ के दिव्यांगों के लिए रायपुर में कृत्रिम अंग शिविर 17 मार्च को
रायपुर। नारायण सेवा संस्थान द्वारा छत्तीसगढ़ में दिव्यांगों के कल्याणार्थ विशाल निःशुल्क शिविर का आयोजन 17 मार्च को राजधानी रायपुर के एमजी रोड़ स्थित जैन दादाबाड़ी परिसर में किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन होंगे। वहीं कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा और रायपुर महापौर एजाज ढेबर उपस्थित रहेंगे।
नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि ऐसे लोग जिन्होंने किसी हादसे में या अन्य बीमारी के चलते अपना हाथ-पैर गंवा देने से अंगविहिन हुए है,उन्हें दिव्यांगता की दुःखभरी ज़िन्दगी से निकालने के लिए संस्थान निस्वार्थ भाव से प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़ के दिव्यांग जनों को मदद पहुंचाने के संकल्प से विशाल निःशुल्क दिव्यांगता निवारण ऑपरेशन चयन एवं नारायण आर्टिफीशियल लिम्ब मैजरमेंट शिविर रायपुर के जैन दादाबाड़ी,एमजी रोड़ में रविवार 17 मार्च को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। यह संस्थान की ‘कुआं प्यासे के पास’ योजना के तहत छत्तीसगढ़ में शिविर आयोजित हो रहा है।
आयोजकों ने दिव्यांगों को लाभ लेने के लिए अपील करते हुए कहा इस शिविर का लाभ लेने के इच्छुक दिव्यांग स्वयं का आधार कार्ड, डिसेबिलिटी प्रमाण पत्र और दिव्यांगता दिखाते हुए 2 फोटो लेकर आए। रोगियों को कैम्प स्थल पर निःशुल्क भोजन वितरित किया जाएगा।