रोबोफेस्ट 24: एनआईटी रायपुर में रोबोथान और रोबोएक्सपो का आयोजन
रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर के रोबोटिक्स क्लब ने दो दिवसीय वार्षिक रोबोटिक्स टेकफेस्ट 'रोबोफेस्ट'24' आयोजित किया। इस उत्सव का प्राथमिक उद्देश्य एनआईटी रायपुर के छात्रों के बीच रोबोटिक्स और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) के क्षेत्र में गहरी रुचि को बढ़ावा देना था। उत्सव का आयोजन क्लब के प्रभारी डॉ राजेश डोरिया के कुशल मार्गदर्शन में हुआ।
उत्सव के पहले दिन की शुरुआत उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय गीत की गूंज के साथ हुई। समारोह के मुख्य अतिथि डीन (एकेडमिक्स) डॉ. श्रीश वर्मा और करियर डेवलपमेंट सेंटर के हेड डॉ. समीर बाजपेयी रहे। रोबोटिक्स क्लब के प्रभारी डॉ. राजेश डोरिया ने अपने भाषण में इस बात पर प्रकाश डाला कि क्लब ने आईआईटी और एनआईटी जैसे अन्य संस्थानों में एनआईटी रायपुर का प्रतिनिधित्व किया और संस्थान पूरे भारत के सभी संस्थानों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए शीर्ष 80 में से एक था।
रोबोथॉन प्रतियोगिता में छात्रों को 24 घंटे की समय सीमा के अंदर नए सिरे से रोबोट बनाने की चुनौती दी गई, जिसमें प्रतिभागियों ने फंक्शनल रोबोट के निर्माण के लिए अपनी रचनात्मकता, टेक्निकल स्किल्स और प्रॉब्लम सॉल्विंग स्किल्स का उपयोग किया। प्रतियोगिता में 12 टीमों ने भाग लिया। पिक एंड ड्रॉप, विजुअली ब्लाइंड हेल्पर, वाटर सर्फेस क्लीनर एवं माइन डिटेक्टर जैसे प्रोब्लम स्टेटमेंट्स के हल अपने मॉडल्स के माध्यम से दिए।
रोबोरेस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने रोबोट्स कार को ट्रैक पर दौड़ाया और सबसे कम समय में रेस खत्म करने वाले टीम को विजेता घोषित किया गया। जीईसी रायपुर की टीम मेगाट्रॉन 2 प्रथम स्थान पर, मेगाट्रॉन 1 द्वितीय स्थान पर और इलेक्ट्रॉन 1 तृतीय स्थान पर रही।
रोबोफाइट, रोबोट्स के बीच एक रोमांचक मुकाबला था, विजेता का चयन, प्रतिस्पर्धी रोबोट को निर्धारित क्षेत्र से बाहर करने के आधार पर किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 6 टीमों ने भाग लिया जिसमें जीईसी रायपुर की टीम इलेक्ट्रॉन प्रथम स्थान पर और टीम मेगाट्रॉन द्वितीय स्थान पर विजयी रहीं।
आइडियाथॉन एक आकर्षक पिचिंग प्रतियोगिता थी जहां छात्रों को प्रॉब्लम स्टेटमेंट्स का एक सेट प्रस्तुत किया गया, जिनके समाधान ढूंढने के लिए रोबोटिक्स के क्षेत्र में उन्हें अपने इनोवेटिव आइडियाज देने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर स्मार्ट एयर प्यूरिफाइंग सिस्टम,द्वितीय स्थान पर स्मार्ट डस्टबिन और तृतीय स्थान पर माइक्रो फ्लाइंग रोबोट्स विद स्पिनिंग फ्लाई लाइक विंग्स प्रोटोटाइप रहे।