रायपुर

राजधानी में डायरिया का प्रकोप लगातार जारी....

रायपुर। रायपुर के लाभांडी में डायरिया के 5 और मरीज मिले हैं।  राजधानी में डायरिया का प्रकोप लगातार बढ़ते जा रहा है। इससे अब तक मिले मरीजों की संख्या 25 से ज्यादा पहुंच गई है। नए मरीज मिलने के बाद जोन आयुक्त और प्रशासन के अधिकारी एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। वहीं लगातार मिल रहे मरीजों से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र को अस्थाई अस्पताल बनाया जा रहा है। 

जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने बताया कि हमारी टीम वहां तैनात हैं। लोगों को इलाज के साथ जागरूक भी किया जा रहा है, जिनको इलाज की जरूरत है। उनको वहीं कैंप बनाकर इलाज मुहैया कराया जा रहा है। 12 लोगों को मेकाहारा में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां के पानी पीने से लोगों में डायरिया हो रहा है। पहले टैंकर से पानी यहां आता था, लेकिन पानी सप्लाई बंद हो गया है। एक-दो हफ्ते से पानी सप्लाई नहीं हो रहा था, इसलिए यहां बोर से लोग पानी पी रहे थे, जिसके कारण डायरिया फैला है।