मैं नीर भरी दुख की बदली! ने बटोरी खूब तालिया.. कान्हा की पुकार ने सभी को रूलाया
2024-03-28 11:49 AM
987
रायपुर। मैं नीर भरी दुख की बदली! स्पन्दन में चिर निस्पन्द बसा, क्रन्दन में आहत विश्व हँसा... महादेवी वर्मा रचित कविता पाठ का मंचन होते ही तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा महाराष्ट्र मंडळ का छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह। मौका था विश्व रंच मंच दिवस पर स्व. य. गो. जोगलेकर स्मृति में महाराष्ट्र मंडल और रंगभूमि की संयुक्त प्रस्तुति 'रंग कविता के' का। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिक्षाविद् डा. सुनीता सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन और नटराज की पूजा अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर रंग पुरोधा सम्मान से शहर की रंग दंपती प्रो अनिल श्रीराम काळेले और श्रीमती अपर्णा काळेले को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के संयोजक और वरिष्ठ रंगसाधक आचार्य रंजन मोड़क ने बताया की सुभद्रा कुमारी चौहान की 'खूब लड़ी मर्दानी', थीम पर पूरे कार्यक्रम का आय़ोजन किया गया। हर एक प्रस्तुति के बाद 'खूब लड़ी मर्दानी', कविता की गीत रूपी प्रस्तुति ने दर्शकों को अंत तक बांधे ऱखा। साहित्यकार रामवृक्ष बेनीपुरी के ‘गेहूं और गुलाब’ निबंध पर नीरज सिंह ठाकुर और आयुष राजवैद्य ने प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की शुरूआत की।
कवि सियाराम शरण गुप्त की कविता शंखनाद पर आकाश वरठी ने और सुभद्रा कुमारी चौहान के खिलौनेवाला में नितीश यादव ने शानदार प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया। आयुष राजवैद्य ने जलियांवाला बाग, पहली बार मंचन करने वाले जयप्रकाश ने कवि राजेश जैन राही की मन की वीणा, चैतन्य मोड़क ने डॉ. दीप्ति गुप्ता के कबीर तुम कहां हो, सुमन त्यागी ने निर्मला पुतुल के बाबा, रंजना ध्रुव, प्रीति धाकड़े ने युवा कवि आदित्य साहू की रचना घर के बड़े बेटी पर शानदार प्रस्तुति दी।

पुलिस विभाग में कार्यरत पूजा देवांगन ने अपनी स्वरचित कविता मैं काली हूं पर शानदार प्रस्तुति दी। पूजा का यह पहला नाट्य मंचन था। युवा लोकेश साहू ने कवि सियारामशरण गुप्त की रचना एक फूल की चाह और सुषमा गायकवाड़ ने कवयित्री महादेवी वर्मा की रचना नीर भरी दु:ख की बदरी में अंतिम प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। टीम रंगभूमि ने पूरा कार्यक्रम उस्ताद बिस्मिल्ला खां सम्मान से सम्मानित लोक कलाकार स्वर्गीय हेमंत वैष्णव को समर्पित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महाराष्ट्र मंडळ के अध्यक्ष अजय काळे की अपील पर शत-प्रतिशत और निष्पक्ष मतदान की शपथ ली।