रायपुर

विश्वरंच मंच दिवस पर 'रंग कविता के' की प्रस्तुति ने बटोरी तालियां

रायपुर।  महाराष्ट्र मंडळ रायपुर और रंगभूमि ने विश्व रंग मंच दिवस पर  स्व. य. गो. जोगलेकर स्मृति में 'रंग कविता के' की मनमोहक प्रस्तुति दी। कवि राजेश जैन राही की कविता मन की वीणा में रंगभूमि के युवा साधक जयप्रकाश ने प्रस्तुति देते हुए जब पुकारा- कान्हा.. कान्हा तुम कहा हो... तो उनके करुण स्वर सुन सभी भाव विभोर हो उठे। कान्हा की खोज में छत्तीसगढ़ से वृंदावन के लिए निकले एक बुजुर्ग पात्र को युवा जय प्रकाश ने जीवंत कर दिया। जयप्रकाश की प्रतिभा देख दर्शकदीर्घा में बैठे सभी ने खूब तालियां बजाई। कार्यक्रम की अतिथि समाजसेवी मीनल चौबे ने कहा कि मैं जब कालेज में थी तो दो-चार नाटकों में प्ले किया। आज बहुत दिन बाद यहां आकर उनकी यादें ताजा हो गई। वरिष्ठ साहित्यकार गिरीश पंकज जी को इस अवसर पर साहित्य पुरोधा सम्मान से सम्मानित किया गया ।

कार्यक्रम के संयोजक और वरिष्ठ रंगसाधक आचार्य रंजन मोड़क ने बताया की सुभद्रा कुमारी चौहान की 'खूब लड़ी मर्दानी', थीम पर पूरे कार्यक्रम का आय़ोजन किया गया। हर एक प्रस्तुति के बाद 'खूब लड़ी मर्दानी', कविता का पाठ ने दर्शकों को अंत तक बांधे ऱखा। साहित्यकार रामवृक्ष बेनीपुरी के गेहूं और गुलाबपर नीरज सिंह ठाकुर और आयुष राजवैद्य ने प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की शुरूआत की।

 

कवि सियाराम शरण गुप्त की कविता शंखनाद पर आकाश वर्थी ने और सुभद्रा कुमारी चौहान के खिलौनेवाला में नितीश यादव ने शानदार प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया। आयुष राजवैद्य  ने जलियांवाला बाग, रंगसाधक जयप्रकाश ने कवि राजेश जैन राही की मन की वीणा, चैतन्य मोड़क ने  डॉ. दीप्ति गुप्ता के कबीर तुम कहां हो, सुमन त्यागी ने निर्मला पुतुल के बाबा, रंजना ध्रुव, प्रीति धाकड़े ने युवा कवि आदित्य साहू की रचना बड़े घर के बेटी पर शानदार प्रस्तुति दी।

पुलिस विभाग में कार्यरत पूजा देवांगन ने अपनी स्वरचित कविता मैं काली हूं पर शानदार प्रस्तुति दी। पूजा का यह पहला नाट्य मंचन था। युवा लोकेश साहू ने कवि सियारामशरण गुप्त की रचना एक फूल की चाह और सुषमा गायकवाड़ ने कवयित्री महादेवी वर्मा की रचना नीर भरी दु:ख की बदरी में अंतिम प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। टीम रंगभूमि ने पूरा कार्यक्रम उस्ताद बिस्मिल्ला खां सम्मान से सम्मानित लोक कलाकार स्वर्गीय हेमंत वैष्णव को समर्पित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महाराष्ट्र मंडळ के अध्यक्ष अजय काळे की अपील पर शत-प्रतिशत और निष्पक्ष मतदान की शपथ ली।