रायपुर

स्थापना दिवस पर रेलवे में कार्यक्रम....21 वर्ष पूर्ण

रायपुर | एसईसीआर के बिलासपुर जोन का सोमवार को 21वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यालय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अलावा इस साल मिलीं उपलब्धियों को याद भी किया गया। एक अप्रैल 2024 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अपने स्थापना के 21 वर्ष पूर्ण कर 22वें वर्ष में कदम रखा है। जोन की स्थापना एक अप्रैल 2003 को हुए थी । इस विशेष दिन को खास बनाने के लिए कई कार्यक्रम भी हुए। सुबह जोनल मुख्यालय में सभी विभाग प्रमुख एवं अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई थी जिसमें सभी को स्थापना से जुड़ी अहम जानकारियां दी गईं।


साथ ही जोन की उपलब्धियों को याद किया गया। जिसमें बताया गया कि स्थापना के बाद लगभग 1300 किमी नई लाइनों का निर्माण किया गया है।  दल्लीराजहरा-रावघाट, खरसिया-धरमजयगढ नई रेल लाइन के साथ जबलपुर-गोंदिया आमान परिवर्तन प्रमुख है। इसके साथ ही नई ट्रेनों की शुरुआत, यात्री की नई सुविधाओं की शुरुआत तथा बिलासपुर में विद्युत लोको शेड जैसे प्रमुख कार्यों को पूर्ण किया गया। इस अवसर पर रेल कर्मियों एवं उनके स्वजन को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 22वें स्थापना दिवस की बधाई देते हुए अब तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। साथ ही सभी रेलकर्मियों से पूर्ण निष्ठा के साथ दृढ़ संकल्पित होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया गया।