बिजली गोदाम में आगजनी से विभाग को 80 करोड़ का नुकसान, सीएम ने दिए जांच के आदेश
रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी स्थित बिजली विभाग के गोदाम में शुक्रवार दोपहर लगी भीषण आग से विभाग को लगभग 80 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। आग लगने से वहां खुले में रखे हुए हजारों ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरण जलकर खाक हो गए। यहां करीब आठ एकड़ परिसर के स्टोर में रखे 4 हजार ट्रांसफार्मरों में 4 घंटे तक एक-एक कर धमाके होते रहे। वहीं स्टोर के पास 33 केवी के सबस्टेशन के कुछ हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया।
आग लगने की सूचना पर पहले फायर ब्रिगेड और पुलिस कर्मियों ने मोर्चा संभाला लेकिन आग और भयावह होती गई। जिसके बाद मौके पर 40 से अधिक दमकलें आग बुझाने में जुटीं रही। आग पर काबू पाने के लिए रायपुर जिले के अलावा दुर्ग जिले से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ी थी। आग पर नियंत्रण पाने के लिए 25 से 30 SDRF की टीमें पहुंची फिर भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका और उसकी जद में जितनी चीजें आई सब जलकर खाक हो गई।
विकराल रूप लिए इस आग पर 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। वहीं देर शाम सीएम विष्णुदेव साय मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सीएम ने कहा, यह दुखद घटना है. बड़ा नुकसान हुआ है। मामले की जांच की जाएगी, जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इस भीषण आग ने 15 मेगावाट सब स्टेशन को भी अपने चपेट में आने से अशोक नगर गुढ़ियारी, कृष्णा नगर, रामनगर अशोकनगर समेत अन्य इलाकों में बिजली की आपूर्ति होती थी, जो घंटों बंद रही। आज सुबह भी पूरी तरह से आग बुझाने का कार्य जारी है, बड़े बड़े ट्रांसफार्मर को जेसीबी के सहारे पलटी कर पानी से भिगाया जा रहा है. मौके पर एसडीआरएफ, जिला प्रशासन कलेक्टर, एसडीएम, पुलिस एएसपी लखन पटले सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद हैं |