सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले छह गुड सेमेरिटंस को एसपी ने किया सम्मानित
रायपुर। रायपुर पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम एवं घायलों को त्वरित उपचार में मदद उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों को गुड सेमेरिटंस अर्थात नेक इंसान को हर माह प्रोत्साहित व पुरस्कृत किया जा रहा हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर संतोष कुमार सिंह ने आज ऐसे सड़क दुर्घटना में घायलों को त्वरित सहायता पहुंचा कर जान बचाने वाले 6 गुड सेमेरिटंस को निवास कार्यालय में सम्मानित किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर ओमप्रकाश शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर गुरजीत सिंह एवं सड़क सुरक्षा सेल के स्टाफ कमलेश कुमार वर्मा, मुकेश वर्मा एवं राजकुमार साहू आदि उपस्थित रहे।
रायपुर जिले में घटित विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटंस को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह द्वारा मोंमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया साथ ही इनका फोटो पिछले माह की तरह बड़े-बड़े होर्डिंग में शहर में विभिन्न प्रमुख जगहों पर लगाया गया है।
पुलिस ने बताया कि मनोहर वरवानी ने 13 मार्च को तेलीबांधा थाना के सामने घटित सड़क दुर्घटना में घायल हुए दुष्यंत अनंत को तत्काल 108 एम्बुलेंस बुलाकर जिला हास्पिटल में भर्ती कराया। जसबीर सिंह ने 22 मार्च को उद्योग भवन के सामने चौक, रिंग रोड 1 में घटित सड़क दुर्घटना में घायल अमरनाथ खूंटे को जिला हास्पिटल पहुंचाने में मदद की।
हितेश साहू ने 20 मार्च को ग्रेंड नीलम होटल व्हीआईपी रोड के पास हुए सड़क दुर्घटना में घायल टेमरी निवासी को स्वयं के कार से मेकाहारा हास्पिटल पहुंचाया एवं दिनांक 1 अप्रेल 2024 को मरीन ड्राइव तेलीबांधा तालाब के पास सड़क दुर्घटना में घायल विनायक चंद्राकर को स्वयं के कार से जिला हास्पिटल पहुंचाकर जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसी तरह ढिलेन्द्र कुमार सेन ने 2 अप्रैल को ग्राम भूमिया एवं सांकरा के मध्य बाइक एवं सायकल में हुए सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मोटर सायकल एवं सायकल चालक को डायल 112 वाहन के माध्यम से सीएचसी धरसींवा पहुंचाया जिसमें मोसा. चालक की जान बचाया जा सका। रोमा राय कुर्रे ने 25 मार्च को ग्राम छछानपैरी के पास सड़क दुर्घटना में घायल की मदद की। वहीं सोना राम बंजारे ने 26 मार्च को ग्राम लखना के पास स्वयं से अनियंत्रित होकर गिर गए। घायल बाइक चालक एवं सवार व्यक्ति को 108 एम्बुलेंस बुलाकर साथ में जाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिमगा ले जाकर भर्ती कराया। उपरोक्त सभी छः गुड सेमेरिटन को घायलों की मदद करने के लिए सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार से घायलों की सहायता करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।