रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजर- भाटापारा जिला की भाटापारा पुलिस ने एक ऐसे बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसका सरगना एक इंजीनियर है। आरोपी इंजीनियर अपने गैंग के लोगों से पहले तो प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बाइक चोरी करवाता था। फिर उन बाइक को चॉइस सेंटर के संचालक के साथ मिलकर नकली आरसी बनवाकर बेच देता था। आरोपी ने अबतक के सबसे ज्यादा वाहन चोरी राजधानी से की थी। पुलिस ने मामले में चार आरोपी और उनके कब्जे से करीब 55 मोटर साइकिल जब्त की है।
भाटापारा पुलिस को सूचना मिली कि एक आरोपी मोटरसाइकिल बिक्री के लिए ग्राहक ढूढ़ रहा है। तत्काल पुलिस हरकत में आई और आरोपी को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की गई। आरोपी ज्यादा देर पुलिस को गुमराह नहीं कर सका और चोरी की बात कबूल करते हुए बताया कि वाहनों का फर्जी कागजात तैयार कर बेच दिया करता था। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के 6 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने कई खुलासे किये।
चोर गिरोह के सदस्यों द्वारा कॉलोनी, पार्किंग स्थल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि में पार्क वाहनों की चोरी की जाती थी। इन वाहनों का फर्जी कागजात तैयार करने तक इन्हें छुपा दिया जाता था। चोरी करने के बाद इन मोटरसाइकिल का फर्जी पेपर तैयार करने का खेल शुरू होता था। गिरोह के मुख्य आरोपी अमन खान एक ऐप के जरिए, चोरी किये गए मोटरसाइकिल का फर्जी कागजात तैयार करता फिर इसे बाजार में बेच देते थे।
इस प्रकार नए ग्राहक को चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने का पता ही नहीं चल पाता था। यह गिरोह लगातार मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं एवं फर्जी कागजात तैयार करके बेचने का भी काम कर रहा था। थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस द्वारा इस अंतराज्यीय चोर गिरोह के 6 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे पूछताछ पर 55 मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता मिली है।