रायपुर

नेवी अफसर परिवार के साथ गया था बनारस... सूने मकान में चोरों ने की सेंधमारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले नेवी अफसर के घर पर लाखों की चोरी हो गई। यहां मानसरोवर कॉलोनी में रहने वाले नेवी अफसर का परिवार बनारस अपने पैत्रृक गांव गया था। घर पर ताला लगा था, रविवार को जब वे वापस लौटे तो उन्हें पता चला कि घर पर चोरी हुई है। इस मामले में पद्मनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मानसरोवर कालोनी पद्मनाभपुर निवासी पायल पाण्डेय ने थाने पहुंचकर इस संबंध में शिकायत की है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उसके पति निलेश पाण्डेय नेवी में हैं और उनकी पोस्टिंग मुम्बई में है। वे कुछ दिन पहले की छुट्टी में घर आए। इसके बाद सपरिवार सभी 29 मार्च 2024 को शाम को घर पर ताला लगाकर अपने पैतृक ग्राम टिकरी, बनारस (उत्तर प्रदेश) चले गए।

गांव से रविवार सुबह 10:30 बजे अपने घर ग्राम हनोदा मानसरोवर कॉलोनी लौटे। बाउण्ड्री वाल का गेट का ताला खोलकर अन्दर जाकर देखे तो घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के भीतर सारा सामान बिखरा हुआ मिला। घर पर रखी 2 लोहे का अलमारी व 2 लकडी की अलमारी का दरवाजा खुला हुआ था। सामान का मिलान करने पर 2 तोले की सोने का चेन लाकेट लगा हुआ, 5 जोडी कान के लम्बे टाप्स, 1 नग सोने की अंगुठी व सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर चोरी हो गया।