पंजाब की अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार... 14.50 लाख रुपये की शराब जब्त
रायपुर। राजधानी की खमतराई पुलिस ने पंजाब में निर्मित अंग्रेजी शराब की अवैध रूप से तस्करी और भण्डारण करने वाला आरोपी जितेन्दर पाल सिंह गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इन शराब को पंजाब से लाया था। आरोपी ने शराब की कुछ पेटियां दुर्ग जिले के अम्लेश्वर स्थित एक दुकान में स्टोर करके रखा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 पेटी शराब और परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त किया है।
खमतराई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर एसएसपी संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे निजात अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 11 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली की एक व्यक्ति चारपहिया वहान में अवैध रुप शराब लेकर खमतराई की ओर जा रहा है। पुलिस ने भनपुरी चौक हनुमान मंदिर के पास स्थित बस स्टैण्ड में उक्त वाहन की पहचान कर आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस ने आगे बताया कि कार में सवार व्यक्ति ने पूछताछ मे अपना नाम जितेन्दर पाल सिंह बताया। आरोपी की गाड़ी से पंजाब में निर्मित 10 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की गई। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने शराब की कुछ पेटियां दुर्ग जिले के अम्लेश्वर में एक दुकान में छिपा कर रखी है। जिसके बाद खमतराई पुलिस ने अम्लेश्वर पुलिस के सहयोग से उक्त दुकान में छापामार वहां से 22 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपी जितेन्दर पाल सिंह (45) निवासी ग्राम बारन थाना अनाज मण्डी पटियाला जिला पटियाला पंजाब रायपुर में चंगोराभाठा बिजली ऑफिस के पास रहता है। आरोपी पूर्व में भी आबकारी एक्ट के प्रकरण में जेल जा चुका है। आरोपी के कब्जे से कुल 32 पेटी पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब एवं शराब परिवहन में प्रयुक्त हुण्डई एसेंट कार जब्त किया गया।