मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज से देशभर में लागू हो रहे नवीन कानूनों पर आधारित पुस्तक का किया विमोचन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेवसाय ने आज अपने निवास में आज से देश भर में लागू हो रहे नवीन कानूनों पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक में तीन नए आपराधिक कानूनों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियों का संकलन है। छत्तीसगढ़ पुलिस की इस विशेष पहल से नवीन कानूनों को समझना आसान होगा।
तीन नवीन कानूनों पर आधारित यह पुस्तक पुलिस अधिकारियों और विवेचकों के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ होगी। नवीन कानूनों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार शुरू से ही प्रयासरत है। भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम आज से देशभर में लागू हो गया। यह तीन नये कानून वर्षों पुराने अंग्रेजी कानूनों की जगह लेंगे। नए कानून में दंड के स्थान पर न्याय को प्राथमिकता दी गई है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव गृह विभाग मनोज पिंगुआ, डीजीपी अशोक जुनेजा, मुख्यमंत्री के सचिव द्वय राहुल भगत, बसव राजू एस. एवं पुलिस विभाग के अधिकारीगण भी कार्यक्रम में उपस्थित हैं।