रायपुर

आत्मानंद स्कूल सरोना के बच्चों का सम्मान.... साइकिल और पुस्तक वितरण भी

रायपुर।  स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सरोना में गुरुवार, 18 जुलाई को विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों को निःशुल्क पुस्तक और साइकिल का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत थे। विशिष्ट अतिथि के रुप में महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले मौजूद थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा अर्चना के साथ किया गया। इससे बाद अतिथियों का स्वागत शाला की प्राचार्य श्यामल जोशी और स्थानीय पार्षद राजेश ठाकुर ने पुष्पगुच्छ से किया।  अतिथियों के स्वागत के बाद कार्यक्रम में प्राचार्य श्यामल जोशी ने शाला प्रतिवेदन पढ़ा।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अजय काले ने कहा की बच्चों के विकास के लिए वह हमेशा तत्पर रहेंगे तथा अपना योगदान देते रहेंगे पिछले वर्ष जब वह शाला में आए थे तब मोटिवेशनल स्पीच के दौरान उन्होंने कहा था कि बच्चे यदि प्राप्त अंक से 20% अधिक लायेंगे तो उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा इसी तारतम्य में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 500 रुपये देकर पुरस्कृत किया गया। 

बच्चों को संबोधित करते हुए विधायक राजेश मूणत ने महाराष्ट्र मंडल के कार्यों की सराहना की तथा शाला को गोद लेने का आग्रह किया ताकि समय-समय पर मार्गदर्शन प्राप्त होता रहे।