गुल्लू में 132/33 केवी उपकेंद्र ऊर्जीकृत…. 100 गांव और 12 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने आज रायपुर जिले के अंतर्गत ग्राम गुल्लू (आरंग) में 132/33 केवी क्षमता के विद्युत उपकेंद्र में 40 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया। गुल्लू स्थित 132 केवी उपकेंद्र परिसर में आज दोपहर 132/33 केवी क्षमता के विद्युत उपकेंद्र में 40 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया गया। इस उपकेंद्र को 132 के.वी माठखरोरा उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति हो रही है। जिसके लिए लगभग 19 किलोमीटर लंबी लाइन स्थापित की गई है। इस कार्य की लागत लगभग 33 करोड़ रुपये है।
गुल्लू उपकेंद्र के ऊर्जीकृत होने के साथ प्रदेश में 132 के.वी उपकेंद्रों की संख्या बढ़कर 134 हो गई है। दिसंबर 2023 के बाद गुल्लू के अलावा बैजलपुर (कबीरधाम जिला) में 132 के.वी उपकेंद ऊर्जीकृत किया गया है। पाटन में 132/33 के.वी उपकेंद्र को 220 के.वी उपकेंद्र के रूप मे उन्नत किया गया है। इस अवसर पर एमडी पारेषण राजेश कुमार शुक्ला ने बताया है कि राज्य गठन के समय प्रदेश की पारेषण प्रणाली में अति उच्चदाब ट्रांसफार्मरों की क्षमता 3552 एमवीए थी, जो अब बढ़कर 25,354 एम.वी.ए. हो गई है। हम विद्युत आपूर्ति की सुगमता एवं गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में अनेक बड़े कदम उठा रहे हैं, जिसका लाभ निकट भविष्य में मिलेगा।
गुल्लू उपकेंद्र से आरंग, मंदिर हसौद क्षेत्र के लगभग 100 से अधिक गांवों और 12 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर ईडी केसी मनोठिया, संजय पटेल, आरसी अग्रवाल, एमएस चौहान, मुख्य अभियंतागण अविनाश सोनेकर, जी आनंदराव, अंबस्ट, एसडीएम पुष्पेंद्र, अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) उमेश कुमार मिश्र तथा अन्य अतिरिक्त मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता आदि उपस्थित थे।