अब बिलासपुर से दिल्ली दौड़ेगी ‘वंदे भारत’… रेल मंत्री ने छत्तीसगढ़ को दी सौगात
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जोनल स्टेशन बिलासपुर से अब दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ेगी। छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। सांसद तोखन साहू ने रेल मंत्री से मुलाकात कर बिलासपुर से दिल्ली तक वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग की थी जिसके बाद रेल बजट में इसका प्रावधान किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शुरुआत में सीटिंग वंदे भारत के बाद स्लीपर वंदे भारत चलाने की योजना बनाई गई है। बिलासपुर से हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत की शुरुआत होने से छत्तीसगढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा। बिलासपुर से दिल्ली का सफ़र 10 घंटे में तय होगा। अभी तक रेल मार्ग से दिल्ली जाने में क़रीब 18-20 घंटे का सफ़र तय करना पड़ता है।
वंदे भारत ट्रेन के लिए बिलासपुर और छत्तीसगढ़ से लगे गोंदिया में कोचिंग डिपो का काम शुरू हो गया है। इस आधार पर रेल अफसरों का कहना है कि छत्तीसगढ़ को दो वंदेभारत ट्रेनों की सुविधा मिलेगी। पहली ट्रेन बिलासपुर से संपर्क क्रांति रूट से दिल्ली जाएगी। दूसरी ट्रेन बिलासपुर से नागपुर के बीच चल रही है। इसके बाद दुर्ग से विशाखापट्टनम के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाना अभी प्रस्तावित है। इसे लेकर कवायद शुरू हो गई है।