रायपुर

नल की टोटी चोरी करने वाले नाबालिग गैंग को पुलिस ने दबोचा, नवनिर्मित सूने मकानों में बोलते थे धावा

 

रायपुर। राजधानी रायपुर में कई तरह के चोर गिरोह सक्रिय है। रायपुर पुलिस ने एक ऐसे चोर गिरोह का गिरफ्तार किया है जो नवनिर्मित सूने मकान में धावा बोलकर घर में लगे नल की टोटी, कमोड का पाइप, शावर पाइप की चोरी करते थे। चोरों के इस गिरोह ने नवा रायपुर सेक्टर 29 स्थित सूने मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने चार नाबालिग सहित चोरी के सामान खरीदने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। चोरों के पास से चोरी की मोबाईल फोन, टेबलेट, नल टोटी, शॉवर, चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाईल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक को जब्त किया गया।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नवा रायपुर सेक्टर 29 निवासी सुमन कुमार कुल्लू ने राखी थाना में शिकायत दर्ज कराई कि 17 जनवरी को घर पर ताला लगाकर वह रायपुर गया था। शाम को आकर देखा तो घर का दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा कि किचन और बाथरूम में लगे तीन गर शावर और 10 नग जगुआर कंपनी का नल चोरी हो गया था। इसी तरह  ठाकुर विक्रम सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 दिसंबर 2022 को घर लाक कर वह अपने दोस्त के यहां रायपुर गया था। दूसरे दिन रात में घर वापस आकर देखा तो घर का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो पता चला कि घर में रखा एक मोबाइल फोन, टेबलेट, नकदी, बाथरूम में लगे जगुवार कंपनी के पांच नग नल चोरी हो गया था।

मामले को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चोरों की तलाश पुलिस ने शुरू की। इस बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक नाबालिग उक्त घटना में संलिप्त है। पुलिस ने उसे पकड़कर कड़ाई से पूछताछ कि तो उसने अपने 3 अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। चोरों ने बताया कि उन्होंने नवा रायपुर के एक दर्जन से अधिक मकानों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है।

 

पूछताछ में चोरों ने बताया कि उन्होंने चोरी के सामान को अभनपुर निवासी अविनाश सिंह एवं हिमायत अली के पास बेच दिया है। पुलिस ने घटना में संलिप्त अविनाश सिंह एवं हिमायत अली को भी पकड़ा लिया है। अपचारियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की मोबाईल फोन, टेबलेट, नल टोटी, शॉवर, चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाईल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बाइक को जब्त किया गया।