छत्तीसगढ़ में अब इन्हें भी मिलेगा पेंशन, सरकार ने मंगवाए आवेदन
2023-03-17 12:04 PM
373
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने थर्ड जेंड को भी पेंशन देने का निर्णय लिया है। समाज कल्याण विभाग की ओर से अब तक बुजुर्गों, परित्यक्त, दिव्यांग (बौने भी), निराश्रितों और विधवाओं को पेंशन दिया जाता रहा है। अब राज्य सरकार थर्ड जेंड को हर महीने 350 रुपये पेंशन देगी। इसके लिए थर्ड जेंडर को विभाग की वेबसाइट में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। विभाग ने अभी तक 3,058 थर्ड जेंडरों की पहचान भी कर ली है। इनमें 1,229 को पहचान प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया है। इसके अलावा 1,829 को प्रमाण पत्र जारी करने का काम जारी है।

जानकारी के अनुसार एक मार्च से अभी तक 600 से ज्यादा थर्ड जेंडरों ने पेंशन के लिए आवेदन जमा कर दिया है। विभाग की ओर से इन आवेदनों की जांच के बाद 350 रुपए महीना पेंशन दी जाएगी। यह रकम उनके बताए खातों में ऑनलाइन जमा की जाएगी। थर्ड जेंडर के लोगों को आवेदन करने में छूट भी दी गई है। उन्हें किसी भी विभाग या अफसर से ये प्रमाणित नहीं करवाना होगा कि वे थर्ड जेंडर की कैटेगरी से हैं। उन्हें केवल घोषणा पत्र देना होगा। यानी खुद ही प्रमाणित करना होगा कि वे थर्ड जेंडर से हैं। इसके लिए उन्हें फोटो लगाना अनिवार्य किया गया है।