रायपुर

सत्तापक्ष के विधायक ने फिर सरकार को घेरा... सदन में कहा, यह भ्रष्टाचार नहीं तो और क्या...? अंग्रेजी में संवाद पर तल्ख हुए स्पीकर

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की आज दसवीं बैठक जारी है। प्रश्नकाल में शुक्रवार को कांग्रेस विधायक अमितेश शुक्ल ने गरियाबंद और देवभोग में पौष्टिक आहार योजना के तहत चना वितरण को लेकर सवाल उठाया, तो गड़बड़ी का आरोप भी लगाया। इस दौरान उन्होंने अंग्रेजी में संवाद करना शुरु कर दिया, जिस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत के तेवर तीखे हो गए और उन्होंने टोकते हुए कहा कि ऐसी भाषा का प्रयोग करें, जो सभी को समझ में आए। यहां आपकी व्यक्तिगत चर्चा नहीं हो रही है। 

लगाया गंभीर आरोप

कांग्रेस विधायक अमितेश ने अपनी बात को आगे रखते हुए कहा कि गरियाबंद में जिसे फेल किया जाता है, देवभोग में उसे ही पास कर दिया जाता है। इस पर मंत्री अमरजीत भगत ने जवाब देने की बजाय प्रश्नकर्ता विधायक से पूछा कि क्या आपके पास कोई ऐसी दस्तावेजी जानकारी है, जिसे आप प्रस्तुत कर सकते हैं, तो उस पर मैं आपको जवाब दे सकता हूं। 
 

इस पर विधायक शुक्ल ने सदन में कहा कि अधिकारी विभागीय मंत्री को सही जानकारी नहीं दे रहे हैं। बलौदाबाजार में उसी सप्लायर को दोबारा काम दिया गया है, जिसे हटाया गया था। विधायक शुक्ल ने कहा कि यह भ्रष्टाचार नहीं तो और क्या है। इसकी सही तरीके से जांच कराई जानी चाहिए और समय सीमा पर जनप्रतिनिधियों को सूचित किया जाना चाहिए। 
 

इस पर मंत्री भगत ने कहा कि आसंदी को भरोसा दिलाया कि विधायक की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। साथ ही मंत्री ने कहा कि इस मामले में जो लोग भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।