छत्तीसगढ़ के दो वेटलिफ्टर और कोच चार साल के लिए निलंबित... जानिए वजह
रायपुर। नेशनल डोप एजेंसी की तरफ से की गई कार्यवाही के बाद राज्य वेटलिफ्टर संघ ने छत्तीसगढ़ के दो वेटलिफ्टर और कोच को चार साल के लिए निलंबित कर दिया है। नेशनल डोप एजेंसी की तरफ से की गई इस कार्यवाही के बाद राज्य वेटलिफ्टर संघ ने इन खिलाड़ियों बाहर करने का फैसला कर लिया है।
बताया जा रहा है कि खिलाड़ियों और उनके कोच पर यह कार्रवाई डोप टेस्ट में फेल होने की वजह से की गई। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार जय भवानी व्यायामशाला (राजनांदगांव) की एकता बंजारे और मिथिलेश सोनकर का राष्ट्रीय डोप रोधी एजेंसी ने डोप टेस्ट किया था, जिसका रिजल्ट पॉजिटिव आया।
रविवार को ओलंपिक दिवस पर नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी ने दोनों खिलाड़ियों और कोच अजय लोहार को चार सालों के निलंबित करने का फैसला लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक एजेंसी ने 19 मार्च को खेलो इंडिया इंटर जोन प्रतियोगिता के दौरान एकता और 9 अक्टूबर को मिथिलेश को औचक रूप से डोप टेस्ट के नमूने लिए थे।