खेल

बारिश से धुला मैच तो सेमीफाइनल में कौन जाएगा : भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच

डेस्क | भारतीय क्रिकेट टीम का आज T20 विश्व कप में कुछ ही देर में ऑस्ट्रेलिया से सामना होना है। यह T20 विश्व कप 2024 का 51वां मैच है, जिसमें जीत हासिल कर रोहित एंड कंपनी सेमीफाइनल का टिकट लेना चाहेगी। रविवार को अफगानिस्तान टीम ने बड़ा उलटफेर करते हुए, ऑस्ट्रेलिया को 21 रन से मात दी थी। अब ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए भारत के खिलाफ मैच करो या मरो वाला है।

बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक कुल 31 मैच खेले गए है, जिसमें 19 बार ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जीत हासिल की, जबकि 11 मैच में भारत ने मैच जीते। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। वहीं, टी20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच कुल पांच मैच खेले गए, जिसमें भारत ने तीन मैच और दो मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते। साल 2007 टी20 विश्वकप में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में हराकर टूर्नामेंट से बाहर किया था। ऐसे में भारत के पास एक बार फिर से इतिहास दोहराने का मौका है।

वहीं, डैरेन सैमी स्टेडियम में खेले जाने वाले मैच के दौरान सेंट लूसिया का मौसम खराब रह सकता है। बारिश की संभावना कुल 56 प्रतिशत है। ऐसे में अगर बारिश की वजह से ये मैच धुलता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया जाएगा और टीम इंडिया के पास फिर कुल पांच अंक हो जाएंगे और वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के पास कुल तीन ही अंक होंगे। इसके बाद उसे बांग्लादेश और अफगानिस्तान के मैच पर निर्भर रहना होगा।