रायपुर
अनिवार्य मतदान लोकतंत्र का आधार - अपर संचालक
रायपुर | डॉ. राधाबाई शासकीय नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय रायपुर छत्तीसगढ़ में मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महाविद्यालय में संचालित स्वीप, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत अनिवार्य मतदान शपथ तथा जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सी एल देवांगन संभागीय अपर संचालक, उच्च शिक्षा विभाग रायपुर संभाग थे। विशिष्ट अतिथि डॉ. जी ए घनश्याम संयुक्त संचालक, उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन थे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. सी एल देवांगन ने अनिवार्य मतदान को लोकतंत्र का आधार बताते हुए कार्यक्रम में उपस्थित रहे महाविद्यालय के सभी सदस्यों तथा छात्राओं को शपथ दिलाई कि - हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी अटूट आस्था रखते हुए, अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं और स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनावों की गरिमा को बनाए रखने तथा प्रत्येक चुनाव में निर्भीक होकर तथा धर्म, नस्ल, जाति, समुदाय, भाषा या किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए, बिना मतदान करने की शपथ लेते हैं।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. जी ए घनश्याम ने अपने उद्बोधन में कहा कि मतदान की महत्ता को समझे, मतदान हमारा अधिकार है। यही एक ऐसा अधिकार जो हर वर्ग, समाज, गरीब, अमीर सबके लिए समान है। इसकी गरीमा को समझे और अपने मताधिकार का उपयोग कर राष्ट्र को सशक्त बनाए। कार्यक्रम का सफल आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रीति मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने भारतीय निर्वाचन व्यवस्था के विशेषता बताए जैसे भारत निर्वाचन व्यवस्था एक मुक्त एवं निष्पक्ष चुनाव प्रणाली। एक मुक्त एवं निष्पक्ष चुनाव आयोग।

कई दिनों तक चलने वाली एक व्यापक चुनाव प्रक्रिया। अप्रत्यक्ष और प्रत्यक्ष दोनों प्रकार की चुनाव प्रणाली का मिश्रण। आरक्षण के रूप में प्रतिनिधित्व।सार्वभौम वयस्क मताधिकार। सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है। बताते हुए, आमंत्रित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित किया गया। जिसके निर्णायक डॉ. मनीला दुबे एवं ज्योति जैन थी। प्रतियोगिता में मनीषा भगत, बीए द्वितीय वर्ष ने प्रथम तथा लक्ष्मी तांडी बीएससी द्वितीय वर्ष ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. निशा बारले राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी एवं डॉ. श्रद्धा मिश्रा नोडल अधिकारी स्वीप के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. मनीषा शर्मा विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक तथा विभिन्न विभागों छात्राओं ने रैली के माध्यम से महाविद्यालय के आसपास के लोगों को मतदान देने के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
SECL और NIT रायपुर के बीच : SECL गर्ल्स हॉस्टल निर्माण के लिए समझौता
रायपुर | साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी पहल के तहत राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर परिसर में 500 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण के लिए ₹48.19 करोड़ स्वीकृत किए हैं।
इस सहयोग को औपचारिक रूप देने के लिए, 22 जनवरी 2025 को NIT रायपुर परिसर में SECL और NIT रायपुर के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। SECL की ओर से आलोक कुमार, महाप्रबंधक (सिविल/सीएसआर), बिलासपुर और NIT रायपुर की ओर से निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव ने पर हस्ताक्षर किए।

यह प्रस्तावित SECL गर्ल्स हॉस्टल G+3 आरसीसी संरचना (ग्राउंड + 3 मंजिल) के रूप में बनाया जाएगा, जिसे भविष्य में G+6 मंजिल तक ऊर्ध्वाधर विस्तार के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह हॉस्टल उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री से निर्मित होगा और इसमें बाउंड्री वॉल और ओवरहेड वॉटर टैंक शामिल होंगे। यह सुरक्षित छात्रावास अत्याधुनिक उपयोगिताओं और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे निवासियों की सुरक्षा और आराम सुनिश्चित हो सके। परियोजना SECL द्वारा पहली किस्त जारी होने के 36 महीनों के भीतर पूरी होने की उम्मीद है। NIT रायपुर निर्माण के बाद हॉस्टल की सक्रिय क्रियान्वयन, संचालन, रखरखाव और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेगा।
एमओयू हस्ताक्षर समारोह में संतोष, उपमहानिदेशक, कोयला मंत्रालय; बिरांची दास, निदेशक (पी), एसईसीएल; आशीष कुमार डी. सूर्यवंशी, उप प्रबंधक, सीएसआर विभाग, एसईसीएल; अर्णब मंडल, उप प्रबंधक, सीएसआर विभाग, एसईसीएल; और पियूष मिश्रा, उप प्रबंधक, डीपी सचिवालय, एसईसीएल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
एनआईटी रायपुर के संकाय और स्टाफ, जिनमें डॉ. मनोज प्रधान, मुख्य वार्डन; डॉ. जी. डी. रामटेक्कर, डीन (योजना एवं विकास); डॉ. एल. के. यदु, एसोसिएट डीन (योजना एवं विकास); डॉ. पी. वाई. ढेकने, प्रभारी कुलसचिव; और पवन कटारिया, सहायक कुलसचिव (योजना एवं विकास) ने भी इस समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
महत्वपूर्ण रूप से, SECL गर्ल्स हॉस्टल की आधारशिला 21 जनवरी 2025 को भारत के माननीय उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा वर्चुअली रखी गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, आवास और शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, SECL के CMD डॉ. पी. एस. मिश्रा, और NIT रायपुर के शासी निकाय के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
इसके अतिरिक्त, 10 जनवरी 2025 को NIT रायपुर और CPWD के बीच संस्थान परिसर में विभिन्न परियोजनाओं के प्रबंधन सेवाओं के लिए एक अन्य MoU पर हस्ताक्षर किए गए।
यह पहल संस्थान के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और उच्च शिक्षा में महिला छात्रों का समर्थन करने की SECL और NIT रायपुर की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। यह हॉस्टल छात्राओं को सुरक्षित और आरामदायक वातावरण प्रदान करेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा मिलेगा।
RADA AUTO AXPO में YARI बैंड की शानदार प्रस्तुति
रायपुर | छत्तीसगढ़ के सभी प्रमुख शहरों में दोपहिया, तीन पहिया, चार पहिया और कमर्शियल वाहनों के डीलर साइंस कॉलेज मैदान रायपुर में चल रहे RADA AUTO एक्सपो में सम्मिलित है । एक्सपो में वाहन खरीदने में 50% रोड टैक्स में छूट का फायदा लेने छत्तीसगढ़ के सभी शहरों से आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए 22 जनवरी को स्थानीय यारी बैंड द्वारा शानदार संगीत संध्या का आयोजन किया गया।

रात्रि 8 बजे से यारी बैंड के लीड वोकलिस्ट सत्यम निगम और योगेश साहू ने शानदार प्रस्तुति दी | उन्होंने बॉलीवुड के पार्श्व गायक अरिजीत सिंग, आतिफ असलम व दर्शन रावल के गानों के साथ बॉलीवुड के अनेक गाने गाए, साथ ही छत्तीसगढ़ी गीत छुनुर छुनुर पैरी बाजे को प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने बहुत सराहा। यारी बैंड में वायलिन पर कार्तिक भारद्वाज, गिटार में मार्टिन फाया, प्यानो में हर्ष मेश्राम और ड्रम में दिवेश कुकरेजा ने बखूबी साथ निभाया लाइव कंसर्ट में दशकों ने संगीत का आनंद लिया। यारी बैंड को एक्सपो में अपनी प्रस्तुति देने के लिए अक्षय ठाकुर की भूमिका रही। कार्यक्रम समापन के उपरांत श्रोताओं ने कलाकारों से उनके ऑटोग्राफ भी लिए और उनका उत्साह वर्धन किया।

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत : केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक रायपुर पहुंचे
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक पहुंचे रायपुर स्वच्छ वायु गुणवत्ता सुधार हेतु किए जा रहे कार्यों की हुई समीक्षा
प्रदूषण मुक्त शहर विकास के प्रयासों को मिली सराहना
नवाचारों से जुड़कर देश में अपनी बड़ी पहचान बनाएगा रायपुर
रायपुर | क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक डॉ. योगेंद्र कुमार सक्सेना ने रायपुर आकर राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत 15 वें वित्त आयोग मद से वायु गुणवत्ता सुधार हेतु किए जा रहे प्रबंधों व नवाचारों की विस्तार से जानकारी ली एवं उपयोगी सुझाव भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने रायपुर नगर निगम द्वारा शवदाह गृहों में नवाचारों के तहत फिल्टर लगाए जाने के प्रोजेक्ट को सराहा और कहा है कि इस दिशा में पहल करने वाला रायपुर संभवतः देश का पहला नगर निगम है।

इसी तरह बीरगांव नगर निगम द्वारा सीएसआर अंतर्गत बृहद वृक्षारोपण व पेवर लगाए जाने के कार्यों की भी प्रशंसा की है एवं उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ वायु के गुणवत्ता स्तर तक पहुंचने में रायपुर को सफलता मिलेगी। बैठक में नगर निगम के अपर आयुक्त कृष्णा खटिक, छ.ग. पर्यावरण संरक्षण मंडल क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी श्री पी.के. रबड़े सहित परिवहन, नगर निगम बीरगांव व रायपुर के अधिकारी शामिल हुए।
राजधानी रायपुर पहुंचे डॉ. सक्सेना छत्तीसगढ़ में रायपुर-बीरगांव, दुर्ग व भिलाई शहर हेतु राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत नोडल अधिकारी हैं एवं इसी तारतम्य में उन्होंने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत 15 वें वित्त आयोग मद से किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
रायपुर निगम द्वारा विस्तार से अवगत कराया गया कि अब तक 72 हजार से अधिक पौधा रोपण किया जा चुका है। सड़कों को धुल मुक्त रखने सघन आवागमन वाले क्षेत्रों में जल छिड़काव के अलावा बी.टी. रोड व कॉक्रीट सड़कों का निर्माण किया गया है। रायपुर नगर निगम द्वारा सी. एण्ड डी. प्रोसेसिंग प्लांट पूर्व क्षमता 15 टन से बढ़ाकर 65 टन प्रति दिवस कर ली गई है एवं स्वसहायता समूह की महिलाएं इस संयंत्र का संचालन कर रही है। इलेक्ट्रानिक व्हीकल्स के लिए 4 चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं एवं अगले वित्तीय वर्ष में इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। शहर के तीन शवदाह गृहों में ए.पी.सी.डी. फिल्टर लगाए जाने के कार्य की डॉ. सक्सेना सराहना की एवं नगर निगम के माध्यम से गौ काष्ठ की सुलभता सुनिश्चित करते हुए दाह संस्कार हेतु इसके उपयोग हेतु प्रेरित करने का सुझाव दिया। इसी तरह जल के शोधन व दुर्गंध नाशक के तौर पर बायो एन्जाइम्स के उपयोग को भी बढ़ावा देकर एक नए नवाचार को प्रेरित करने का सुझाव भी उन्होंने दिया है। बैठक में बीरगांव नगर निगम के पेवर कार्य व वृक्षारोपण गतिविधियों को उन्होंने सराहा साथ ही परिवहन विभाग को पी.यू.सी. सर्टिफिकेट देने वाले एजेंसियों व सभी वाहनों का सघन प्रदूषण जांच के साथ ही अपशिष्ट के साथ जमें लीचेट्स के समयबद्ध निपटान के निर्देश भी दिए हैं।
बैठक में रायपुर नगर निगम के मुख्य अभियंता यू.के. धलेंद्र, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, कार्यपालन अभिंयतागण अंशुल शर्मा, रघुमणी प्रधान, नवसिंह फरेंद्र, द्रोणी कुमार पैंकरा, बीरगावं नगर निगम के कार्यपालन अभियंता धन्नूलाल देवांगन, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सलाहकार डॉ. पोखराज साहू, सहायक अभियंता कृष्ण विजय सिंह, उपअभियंता रमेश पटेल, ए.एस.ओ. रोहित कुमार मेहरा सहित जिला परिवहन विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
गौवंशों पर प्रशंसनीय कार्य कर रहे अखिल जैन के निवास पर पहुंची : पूर्व राज्यपाल अनुसुइया उईके
रायपुर | पूर्व राज्यपाल अनुसुइया उईके बुधवार को मनोहर गौशाला खैरागढ़ के ट्रस्टी डॉ. अखिल जैन (पदम डाकलिया) के देवेंद्रनगर स्थित निवास पहुंची। उन्होंने करीब 2 घंटे तक घर में रहकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और मनोहर गौशाला के संबंध में पूर्ण जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गौ आधारित कृषि ही हमारे जीवन को सुरक्षित कर सकती है।

मनोहर गौशाला में बनने वाले उत्पाद वर्तमान समय की मांग है और इनका प्राकृतिक चक्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान है। गौवंशों की सेवा कर डॉ. जैन गोबर-गौमूत्र से बहुत अच्छे उत्पाद बना रहे हैं, जो सराहनीय है। इस दौरान पूर्व राज्यपाल ने गोबर और गौमूत्र से बनने वाले प्रोडक्ट पर चर्चा कर मनोहर आर्गेनिक गोल्ड की पैकेजिंग को लॉन्च किया। उन्होंने घर के भ्रमण के दौरान साधु-साध्वी भगवंत की सेवा के लिए बने सदन की सराहना की। उन्हें मनोहर गौशाला की तरफ से महेंद्र लोढ़ा, इंदु देवी लोढ़ा, शीलू कोठारी, सपना डाकलिया ने ‘गाय एक वरदान’ पुस्तक भेंट की गई।
इन्वेस्टर मीट में छत्तीसगढ़ को मिले 6000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
इन्वेस्टर्स कनेक्ट मीट में छत्तीसगढ़ में एफडीआई के रास्ते खुले
छत्तीसगढ़ में निवेशकों के लिए बिछाया रेड कारपेट : विष्णुदेव साय
मुंबई में आयोजित इन्वेस्टर्स कनेक्ट मीट में देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों से किया संवाद
रायपुर | मुंबई में हाल ही में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट मीट में छत्तीसगढ़ के लिए विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) के रास्ते खुल गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंबई में अमेरिकी कॉन्सल जनरल और रशिया कॉन्सल जनरल से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ में निवेश की इच्छा जताते हुए राज्य के अनुकूल कारोबारी माहौल की सराहना की।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि नई औद्योगिक नीति के कारण अब तक छत्तीसगढ़ ने लगभग 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आकर्षित किए हैं। ये प्रस्ताव हाल ही में रायपुर, दिल्ली और मुंबई में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट समिट के दौरान प्राप्त हुए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इन्वेस्टर्स कनेक्ट मीट में देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा हमने नई उद्योग नीति के माध्यम से निवेशकों के लिए रेड कारपेट बिछाया है। इस दौरान उन्होंने निवेशकों को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में शामिल हुए प्रमुख उद्योगपतियों से छत्तीसगढ़ सरकार को छह हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव भी प्राप्त हुए।

मुख्यमंत्री साय ने राज्य की नई औद्योगिक नीति 2024-30 की खूबियों को साझा करते हुए कहा कि निवेशकों की पसंदीदा नीति बनाने के लिये हमने “न्यूनतम शासन-अधिकतम प्रोत्साहन” को सूत्रवाक्य के रुप में अपनाया है। इसके अंतर्गत हमने एनओसी की प्रक्रिया को बेहद आसान कर दिया है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से अब क्लियरेंस हो रहे हैं। इससे निवेशकों को खासी राहत मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा नई उद्योग नीति में निवेश एवं रोजगार के अवसरों में वृद्धि के लिए 1 हजार करोड़ रुपए अथवा एक हजार लोगों को रोजगार देने वाले उद्योगों को बी-स्पोक नीति का अवसर प्रदान किया गया है। इस नीति में 30 से 50 प्रतिशत तक एवं 200 से 450 करोड़ रुपए तक स्थायी पूंजी निवेश का प्रावधान किया गया है। 5 से 12 वर्ष तक नेट एसजीएसटी प्रतिपूर्ति, रोजगार एवं ईपीएफ प्रतिपूर्ति तथा प्रशिक्षण व्यय की प्रतिपूर्ति के लिए आकर्षक प्रावधान किये गये हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया नये जमाने के उद्योगों जैसे आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, रोबोटिक्स, कंप्यूटिंग, ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आकर्षक प्रावधान रखे गये हैं। नवा रायपुर में हम डाटा सेंटर भी आरंभ कर रहे हैं। नवा रायपुर को हम आईटी हब के रूप में विकसित कर रहे हैं और यहां आईटी कंपनियों ने काम करना आरंभ कर दिया है। नवा रायपुर आधुनिक सुविधापूर्ण और व्यवस्थित शहर है साथ ही ग्रीनफील्ड शहर भी हैं जिससे आईटी इंडस्ट्री के विकास के लिए यहां भरपूर संभावनाएं हैं। इसके साथ ही इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रानिक्स, फार्मा, टैक्सटाइल, फूड एंड एग्रो प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में भी विशेष रियायत दी गई है। हम नवा रायपुर में फार्मास्यूटिकल पार्क भी स्थापित कर रहे हैं जो सेंट्रल इंडिया का सबसे बड़ा फार्मास्यूटिकल पार्क होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नगरनार स्टील प्लांट के पास ग्राम नियानार में हम 118 एकड़ में नये औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना करने जा रहे हैं इससे यहां बड़े पैमाने पर लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमों को स्थापना के अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया बस्तर और सरगुजा को हमने सर्वाधिक औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन क्षेत्र के रूप में रखा है। यहां कोर सेक्टर प्रोत्साहन, आयरन और कोल रायल्टी में 50 से 100 प्रतिशत तक छूट है। सेस की प्रतिपूर्ति 150 प्रतिशत तक किये जाने का प्रावधान है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन्वेस्टर कनेक्ट मीट के दौरान अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के काउंसल जनरल श्री माइक हैंकी व रूस के काउंसल जनरल इवान फेटिसोव से मुलाकात की। इस दौरान काउंसल जनरल ने स्वास्थ्य, शिक्षा, आईटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। इस मीट में उद्योग विभाग के मंत्री लखन लाल देवांगन, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव राहुल भगत, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ की इन्वेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सैन और सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए हैं।
इन्वेस्टर कनेक्ट मीट में अम्बुजा सीमेंट लिमिटेड ने राज्य में 2367 करोड़ के निवेश प्रस्ताव की घोषणा की। वहीं बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट ने राज्य में विश्वस्तरीय अस्पताल बनाने की इच्छा जताई है, जिसके लिए उन्होंने 700 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। नया रायपुर में अस्पताल की स्थापना से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि आसपास के राज्यों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। प्लास्टिक और टेक्सटाइल के क्षेत्र में अग्रणी वेलस्पन ग्रुप ने छत्तीसगढ़ में 500 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना साझा की है। वहीं ड्रूल्स कंपनी ने पालतू जानवरों के आहार के उत्पादन को बढ़ाने के लिए राजनांदगांव में 625 करोड़ रुपये का निवेश की घोषणा की है। कंपनी द्वारा ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए 30 मेगावॉट सोलर पावर प्लांट भी लगाया जाएगा। इसके साथ ही क्रिटेक टेक्नोलॉजीज ने राज्य में आईटी क्षेत्र में 600 करोड़ रुपये का निवेश के प्रस्ताव दिए हैं। नन्टेक्स मशीनरी ने 45 करोड़ और नन्टेक्स इंडस्ट्रीज ने 39.50 करोड़ तथा पिडिलाइट इंडस्ट्रीज 80 करोड़ व विजन प्लस सिक्योरिटी ने 50 करोड़ के निवेश की योजना साझा की है। इन सबके साथ ही अन्य कंपनियों को मिलकर कुल 6000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ को मिले हैं।
मीट के दौरान आदित्य बिड़ला ग्रुप के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिड़ला ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर राज्य में अपने उद्योगों के विस्तार के बारे में चर्चा की। आदित्य बिड़ला ग्रुप द्वारा छत्तीसगढ़ में वस्त्र, पेंट और आभूषण के क्षेत्र में निवेश की सम्भावना जताई है। वहीं गोदरेज समूह की कार्यकारी निदेशक तान्या डुबाश ने भी छत्तीसगढ़ में रासायनिक उर्वरक, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के साथ-साथ मोल्डेड फर्नीचर निर्माण के क्षेत्र में निवेश की संभावना व्यक्त की है।
ऊर्जा, इस्पात, और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में अग्रणी एस्सार ग्रुप के वरिष्ठ सलाहकार डॉ हसीब द्रबू ने छत्तीसगढ़ में ऊर्जा, बुनियादी ढांचा, इस्पात और खनन जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं जताई हैं। वहीं, क्लोथिंग मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री संतोष कटारिया ने मुलाकात के दौरान कहा खनिज संसाधन और सुलभ कुशल श्रमिक को राज्य में वस्त्र उद्योग के लिए अच्छी संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री साय ने जानकारी दी कि नवा रायपुर में 1.6 बिलियन डालर का निवेश किया गया है जिससे यहां की अधोसंरचना देश के सबसे शानदार शहरों जैसी है। यही नहीं अगले पांच वर्षों में यहां 2.1 बिलियन डालर की नई परियोजनाएं भी आरंभ की जाएंगी। छत्तीसगढ़ में आईआईटी भी हैं, आईआईएम भी हैं तो स्वाभाविक रूप से इंडस्ट्री के लिए सक्षम तकनीकी लोग यहां उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी शानदार है। रांची, विशाखापट्नम तथा हैदराबाद के लिए एक्सप्रेसवे तैयार किये जा रहे हैं जो शीघ्र ही तैयार हो जाएंगे। रेल, रोड तथा एयर कनेक्टिविटी छत्तीसगढ़ में शानदार है। सबसे ज्यादा निवेश रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर और रेलवे कनेक्टिविटी के लिए किया गया है। इससे यहां के उद्योग जगत को माल ढुलाई में बड़ा लाभ होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया खनिज संसाधनों और विद्युत उत्पादन के मामले में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में से हैं। जो कोर इंडस्ट्री के लिए सबसे जरूरी खनिज हैं, जैसे कोयला, लोहा और बाक्साइट आदि, यह छत्तीसगढ़ में प्रचुरता से है और स्वाभाविक रूप से हमारा प्रदेश स्टील, सीमेंट और एलुमीनियम आदि के उत्पादन में अग्रणी राज्यों में से है। 25 हजार मेगावाट उत्पादन क्षमता के साथ छत्तीसगढ़ जीरो पावर कट राज्य है। देश के 16 प्रतिशत स्टील और 15 प्रतिशत एल्यूमीनियम का उत्पादन छत्तीसगढ़ में होता है। छत्तीसगढ़ देश का एकमात्र राज्य है जो टिन का उत्पादन करता है। इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में लीथियम जरूरी है। छत्तीसगढ़ में न केवल लीथियम के बड़े भंडार मिले हैं अपितु हम लीथियम ब्लाक की नीलामी करने वाले पहले राज्य हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय बालिका दिवस की बधाई दी
रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए, सभी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि समाज में बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक करने और उनके साथ होने वाले भेदभाव के प्रति लोगों को जागरुक करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बालिकाएं देश-प्रदेश, समाज और परिवार की शान, मान और अभिमान होती हैं। उन्हें सशक्त बनाने के लिए सुरक्षित और सहज माहौल देने की जरूरत है।

इसके लिए समाज को अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं के सम्मान की परंपरा रही है। इसी कारण प्रदेश की प्रगति में छत्तीसगढ़ की बेटियां अप्रतिम योगदान दे रही हैं। यह बहन बेटियों और माताओं के लिए बेहतर वातावरण से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि बेटियां खूब पढ़ें, निडर होकर आगे बढ़ें, अपने सपनों को साकार करें और घर परिवार के साथ देश-प्रदेश की उन्नति में भी सहभागी बने, इसके लिए हमारी सरकार दृढ़ संकल्पित है।
भारत पर्व में दिखेगी छत्तीसगढ़ की जनजातीय परंपराओं और रामनामी समुदाय की झलक
राष्ट्रीय रंगशाला में आयोजित प्रिव्यू में छत्तीसगढ़ की झांकी को राष्ट्रीय मीडिया की मिली सराहना
रायपुर | गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली के लाल किले पर आयोजित होने वाले भारत पर्व 2025 में इस बार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और रामनामी समुदाय की झलक देखने को मिलेगी। छत्तीसगढ़ की झांकी भारत सरकार की थीम ‘स्वर्णिम भारत : विरासत और विकास’ पर आधारित है। झांकी में प्रदेश की समृद्ध और विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत को दिखाया गया है।

राष्ट्रीय रंगशाला दिल्ली में आयोजित प्रेस प्रिव्यू में छत्तीसगढ़ की झांकी को राष्ट्रीय मीडिया की सराहना मिली। झांकी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर में जीवन, प्रकृति और आध्यात्मिकता का गहरा संबंध है। यह झांकी छत्तीसगढ़ के लोक जीवन, रीति-रिवाजों और परंपराओं को दर्शाते हुए राज्य की अनूठी सांस्कृतिक पहचान को प्रस्तुत कर रही है।
झांकी के आगे के हिस्से में निराकार राम की उपासना करने वाले रामनामी समुदाय का प्रतिनिधित्व करती स्त्री और पुरुष को दिखाया गया है। इनके शरीर एवं कपड़ों पर 'राम-राम' शब्द अंकित है। इन्हें रामचरितमानस का पाठ करते हुए दिखाया गया है। इसके पास घुंघरुओं का प्रदर्शन किया गया है, जो भजन के लिए उपयोग होते हैं। बीच के हिस्से में आदिवासी संस्कृति के पहनावे, आभूषण, कलाकृतियां और कला परंपराएं दर्शाई गई हैं। इस भाग में तुरही वाद्य यंत्र और सल्फी वृक्ष को प्रमुखता से दिखाया गया है, जो बस्तर के लोकजीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। झांकी के पीछे मयूर का अंकन किया गया है, जो कि लोक जीवन के सौंदर्य और जीवंतता का प्रतीक है। झांकी के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर और प्रकृति से जुड़ी आध्यात्मिकता को गहराई से उजागर किया गया है।
चिन्हारी अवार्ड 2025 का आयोजन : मुख्य अतिथि अरूण साव होंगे
रायपुर | हॉटस्पॉट टेक्रालॉजी एवं दीप योग सेवा संस्थान के संस्थापक योगेश्वरानंद नेताम ने प्रेस क्लब रायपुर में आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि चिन्हारी अवार्ड 2025 का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 28 जनवरी को शाम सात बजे आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरूण साव विशिष्ठ अतिथि पूर्व मंत्री राजेश मूणत व विधायक धरसीवा अनुज शर्मा होंगे।

अन्य विशिष्ठ अतिथियों में चारों विधानसभा क्षेत्र के विधायक कार्यक्रम में शामिल होंगे। नेताम ने पत्रकारवार्ता में बताया कि उक्त आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज सेवा एवं कला के क्षेत्र में अद्वितीय कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करना है। उनके स्वर्गीय पिताजी की इच्छा थी कि देश एवं प्रदेश में अच्छा कार्य करने वालों का सम्मान किया जाए। उक्त आयोजन में पद्म विभूषण पद्म श्री पद्म भूषण आदि से सम्मानित व्यक्तियों को चिन्हारी अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। चिन्हारी टीम के सदस्य के रूप में कलाकार एवं पत्रकार तथा समाज सेवक राजू दीवान का एवं उनके सहयोगी राजू सोनी का विशेष सम्मान किया जाएगा।
इन्वेस्टर मीट में शामिल होने मुंबई जाएंगे : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर | मुंबई में कल यानि 23 जनवरी 2025 को छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर मीट का कार्यक्रम होने जा रहा है। बता दें कि, सीएम विष्णुदेव साय आज शाम साढ़े 5 बजे मुंबई जाएंगे। इन्वेस्टर मीट में कई उद्योगपतियों से सीए साय की मुलाकात होगी।
बता दें कि, इस कार्यक्रम में सीएम साय छत्तीसगढ़ में इनवेस्टर्स को आमंत्रित करेंगे। मालूम हो की विष्णुदेव साय दिल्ली में इन्वेस्टर मीट में भी शामिल हुए थे, जिसमें सीएम ने देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया था।

सीएम ने राज्य की नई औद्योगिक नीति 2024-30 की खूबियों को साझा करते हुए इसे निवेशकों के लिए बेहद अनुकूल बताया था। कार्यक्रम में शामिल हुए प्रमुख उद्योगपतियों से छत्तीसगढ़ सरकार को 15184 करोड़ के निवेश प्रस्ताव भी प्राप्त हुए।
आज से नामांकन की प्रक्रिया शुरू : नगरीय निकाय चुनाव 2025
रायपुर | छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव एक चरण में चुनाव होगा | इसके लिए 22 जनवरी आज से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी | आज से प्रत्याशी अपना नामांकन रिटर्निंग अफसर या सहायक रिटर्निंग अफसर के समक्ष जमा कर सकेंगे | नामांकन दाखिल का अंतिम तारीख 28 जनवरी रखा गया है. 25 और 26 जनवरी को नामांकन जमा नहीं किए जाएंगे।
निकायों के निर्वाचन क्षेत्रों में 11 फरवरी को मतदान होगा | वहीं 15 फरवरी को मतों की गणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा | नगरीय निकाय चुनाव 25 दिनों में पूरे हो जाएंगे। बता दें कि 2025 के निकाय चुनाव में प्रदेश के 14 नगर निगमों में से 10 नगर पालिक निगम, 54 नगर पालिकाओं में से 45 नगर पालिका परिषद और 124 नगर पंचायतों में से 114 नगर पंचायत अध्यक्षों के लिए चुनाव होंगे।

रायपुर जिले में नगरीय निकायों में कुल 1290 मतदान केंद्र होंगे | रायपुर नगर निगम के 70 वार्डो में 1095 मतदान केंद्र होंगे | जबकि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 1378 मतदान केंद्र होंगे | इसके साथ ही नगरीय निकाय में 69 और त्रिस्तरीय पंचायत के लिए 4 सहायक मतदान केंद्र होंगे।
नगरीय निकाय को 107 और त्रिस्तरीय पंचायत को 97 सेक्टरों में बांटा गया है | वहीं मतदाता संख्या की बात करें तो रायपुर नगर निगम में कुल 10 लाख 36 हजार 79 मतदाता वोट डालेंगे | नगरीय निकाय चुनाव में 11 रिटर्निंग ऑफिसर होंगे | वहीं पंचायत में 5 रिटर्निंग और 74 सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं | उन्होंने आगे बताया कि मतदान के केंद्रों की सूची का प्रकाशन 27 जनवरी तक होगा | चुनाव चिन्ह का प्रकाशन 6 फरवरी तक होगा।
विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवाओं की है महत्वपूर्ण भूमिका : उपराष्ट्रपति धनखड़
रायपुर | उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में ‘कल्पनाएं: बेहतर भारत की’ कार्यक्रम में एनआईटी, आईआईटी और आईआईएम के विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने छात्र-छात्राओं से रूबरू होते हुए कहा कि आप सभी देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अध्ययन कर रहे हैं। इन संस्थानों में अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी की शिक्षा दी जा रही है। देश में एआई मशीन लर्निंग, ग्रीन हाईड्रोजन जैसी नवीन तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उपराष्ट्रति ने कहा कि भारत जब 2047 में अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब यह एक सशक्त और विकसित भारत का सपना केवल लक्ष्य नहीं बल्कि सुनिश्चित गंतव्य बन चुका होगा।
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि भारत युवाओं की बदौलत फिर से विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने का आव्हान करते हुए कहा कि आयातित वस्तुओं का इस्तेमाल न कर देश का प्रत्येक नागरिक भारत को सशक्त बनाने में योगदान दे सकता है।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि एक मजबूत भारत को आत्मनिर्भर होने के साथ-साथ वैश्विक रूप से जुड़ा होना चाहिए। नवाचार और उद्यमिता की एक मजबूत संस्कृति को बढ़ावा देकर इस विजन को साकार किया जा सकता है। टिकाऊ कृषि के माध्यम से ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाकर, आदिवासी उद्यमिता को बढ़ावा देकर और अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे में निवेश करके, छत्तीसगढ़ समावेशी और सतत विकास का एक प्रकाश स्तंभ बन सकता है।
राज्यपाल डेका ने कहा कि हमारे युवा कल के निर्माता हैं। उन्हें ऐसे कौशल से परिपूर्ण किया जाना चाहिए जो पारंपरिक ज्ञान को अत्याधुनिक तकनीकों के साथ एकीकृत करते हैं। कौशल विकास कार्यक्रम और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना एक लचीली अर्थव्यवस्था और एकजुट समाज की नींव रखेगा। हमारे युवाओं को वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए उद्योग-संबंधी शिक्षा और अग्रणी अनुसंधान संस्थानों को बढ़ावा देना होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि समृद्ध भारत के निर्माण के लिए हमें हमारे गौरवशाली इतिहास और सनातन परंपराओं का गहरा अध्ययन और इसकी गहरी समझ विकसित करनी होगी। भारत देश प्राचीनकाल से ही विश्वगुरु रहा है। तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालयों की ख्याति पूरी दुनिया में थी। जो समाज अपने अतीत की घटनाओं से शिक्षा ग्रहण करता है, वही समाज समृद्ध भविष्य के स्वप्न को साकार करता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बेहतर भारत के निर्माण के लिए हमें देश के समक्ष उपस्थित चुनौतियों को समझना होगा। आज चाहें सेमीकंडक्टर हों अथवा स्पेस टेक्नालाजी, हमारे देश में बड़ी तेजी से आत्मनिर्भर होने की दिशा में अपना कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए हम ग्रीन जीडीपी पर काम कर रहे हैं। कार्बन उत्सर्जन कम करने के उपायों के साथ हम ग्रीन स्टील को बढ़ावा दे रहे हैं। जहां चुनौती उपस्थित होती है, वहीं संभावनाएं भी छिपी होती हैं।
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने इस अवसर पर एनआईटी परिसर में बनने वाले गर्ल्स हॉस्टल की आधारशिला रखी। एनआईटी परिसर में बनने वाला गर्ल्स हॉस्टल एसईसीएल द्वारा सीएसआर मद से निर्मित किया जाएगा। कार्यक्रम में उपराष्ट्रति की धर्मपत्नी डॉ. सुदेश धनखड़, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, चेयरमैन बोर्ड ऑफ गवर्नर एनआईटी सुरेश हावरे, सीएमडी एसईसीएल डॉ. पीएस मिश्रा, आईआईटी डायरेक्टर प्रो. राजीव प्रकाश, आईआईएम के डायरेक्टर प्रो. आर.के. ककानी, एनआईटी के डायरेक्टर प्रो. एनव्ही रमन्ना राव सहित विद्वतजन, एनआईटी, आईआईएम और आईआईटी के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर दिलाई जाएगी शपथ : सभी निर्वाचनों में मताधिकार का प्रयोग करने
शनिवार को अवकाश वाले कार्यालयों में 24 जनवरी को दिलाई जाएगी शपथ
हर वर्ष 25 जनवरी को देशभर में मनाया जाता है राष्ट्रीय मतदाता दिवस
रायपुर | राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सभी निर्वाचनों में मताधिकार का प्रयोग करने मतदाताओं को शपथ दिलाई जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर हर वर्ष 25 जनवरी को देशभर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। इस बार 15वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। आयोग ने शनिवार को अवकाश वाले राज्यों में अधिकारियों-कर्मचारियों को 24 जनवरी को सवेरे 11 बजे शपथ दिलाने के निर्देश दिए हैं। वहीं जहां शनिवार को अवकाश नहीं है, वहां 25 जनवरी को इसका आयोजन किया जाएगा।

राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन के लिए सभी विभागों के सचिवों, राजस्व मंडल बिलासपुर के अध्यक्ष, सभी विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को परिपत्र जारी किया है। परिपत्र में शनिवार को अवकाश वाले कार्यालयों में 24 जनवरी को सवेरे 11 बजे अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में सभी निर्वाचनों में मताधिकार का प्रयोग करने शपथ लेने की कार्यवाही की जाएगी।
मुठभेड़ में जवानों ने 15 नक्सलियों को मार गिराया : इसमें 1 करोड़ का इनामी भी
रायपुर | छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में मुठभेड़ में जवानों ने 15 नक्सलियों को मार गिराया है। इसमें 1 करोड़ का इनामी जयराम उर्फ चलपति भी मारा गया है। सभी के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। रविवार रात से मंगलवार तक रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। मामला मैनपुर थाना इलाके का है।
कुल्हाड़ी घाट स्थित भालू डिग्गी के जंगल में 1000 जवानों ने करीब 60 नक्सलियों को घेर रखा है। बैकअप पार्टी भी भेजी गई है। सभी 60 नक्सलियों के मारे जाने की संभावना है।
पुलिस का दावा है कि एनकाउंटर में नक्सलियों के CCM- (सेंट्रल कमेटी मेंबर) और SZCM (स्पेशल जोनल कमेटी) के कई बड़े लीडर्स मारे जा सकते हैं। वहीं, कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हुआ, जिसे एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया।
गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा, ओडिशा के नुआपाड़ा एसपी राघवेंद्र गूंडाला, ओडिशा डीआईजी नक्सल ऑपरेशन अखिलेश्वर सिंह और कोबरा कमांडेंट डीएस कथैत ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर से जॉइंट ऑपरेशन चलाया गया था। इसमें 10 टीम एक साथ निकली थीं। 3 टीम ओडिशा से, 2 टीम छत्तीसगढ़ पुलिस से और 5 CRPF टीम इस ऑपरेशन में शामिल थी। जवान क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकले थे, तभी नक्सलियों ने उन पर हमला किया।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मैनपुर पहुंच गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से भाटीगढ़ स्टेडियम को छावनी में तब्दील कर दिया है। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। वहीं, 3 IED भी बरामद किए थे।
छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर 16 जनवरी को मुठभेड़ हुई थी। इसमें 18 नक्सली मारे गए। इनमें SCM (सेंट्रल कमेटी मेंबर) दामोदर भी मारा गया। दामोदर पर 50 लाख का इनाम घोषित था। फोर्स ने 12 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं, जिसमें 10 की पहचान कर ली गई है।
मरने वालों में 5 महिला नक्सली भी शामिल हैं। इन पर कुल 59 लाख रुपए का इनाम था। 6 नक्सलियों के शव को खुद नक्सल संगठन के लोग साथ लेकर चले गए।
बस्तर में 3 जिलों की पुलिस फोर्स ने नक्सली कमांडर हिड़मा के गढ़ में घुसकर हिड़मा और देवा की टीम के 18 लड़ाकों का एनकाउंटर कर दिया है। हालांकि, इस बार भी हिड़मा और देवा पुलिस की गोलियों से बचकर निकल गए। सर्चिंग के दौरान शुक्रवार को जवानों को नक्सलियों का बंकर भी मिला है। जमीन के अंदर ही करीब 10 फीट गहरा और 12 से 14 फीट चौड़ा कमरा बनाया गया था। इसके अंदर हथियार और बम बनाने मशीन, बारूद, तार रखे थे।
निर्वाचन आयोग ने किया चुनाव का ऐलान : आदर्श आचार संहिता लागू
रायपुर | छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है | नगरीय निकाय चुनाव एक चरण में होगा और ग्रामीण क्षेत्र के निकाय में तीन चरणों में मतदान होगा | 22 तारीख से प्रक्रिया शुरु होगी और उसी दिन से नॉमिनेशन फॉर्म की प्रक्रिया शुरु होगी, जो 31 जनवरी तक चलेगी | इसके बाद स्क्रूटनी और नाम वापसी के तारीख के बाद नामों की घोषणा होगा | 11 फरवरी को शहरी क्षेत्र में मतदान होगा औऱ 15 फरवरी को मतगणना होगी।
पंचायत क्षेत्र में 27 जनवरी से नॉमिनेशन 3 फरवरी अंतिम तारीख 4 तारीख स्क्रूटनी, 6 फरवरी को नाम का ऐलान होगा | 17, 20 और 23 फरवरी को मतदान होगा. 18 20 और 24 फरवरी को टेबुलेशन होगा | इसके बाद अप्रत्यक्ष रूप से अध्यक्ष पद का चुनाव होगा।

आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में कुल 184 निकाय हैं | जिसमें 14 नगर निगम, 48 नगर पालिका परिषद और 122 नगर पंचायत है | नगर निगम के चुनाव EVM से और पंचायत चुनाव मतपेटी के माध्यम से होंगे | प्रदेश में नगरीय निकायों के अन्तर्गत 10 नगरपालिक निगम, 49 नगरपालिका परिषद्, 114 नगर पंचायतों में आम निर्वाचन और जिला दुर्ग एवं सुकमा के नगरीय निकायों के रिक्त स्थानों की पूर्ति के लिए 05 वार्डों में उप निर्वाचन सम्पन्न कराया जाएगा।
नगरपालिका की स्थिति : नगरपालिकाओं के आम निर्वाचन में 2200525 पुरुष निर्वाचक, 22,73,232 महिला निर्वाचक, 512 अन्य निर्वाचक, कुल 44,74,269 निर्वाचक एवं उप निर्वाचन में कुल 16,181 निर्वाचक निर्वाचन में हिस्सा लेंगे | मतदान के लिए आम निर्वाचन के लिए कुल मतदान केन्द्र 5,970 और उप निर्वाचन के लिए कुल 22 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं | जिनमें से 1531 संवेदनशील और 132 अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य के 433, जनपद पचायत सदस्य के 2973. ग्राम पंचायत (सरपंच) के 11,672 एवं वार्ड (पंच) के 1,60,180 कुल 1,75,258 पदों पर वर्ष 2025 में निर्वाचन कराया जाएगा | जिसमें 78,20.202 पुरुष निर्वाचक 79,92,184 महिला निर्वाचक 194 अन्य निर्वाचक सहित कुल 1,58,12,580 निर्वाचक त्रिस्तरीय पचायतों के आम निर्वाचन 2025 में मतदान करेंगे | इसके लिए मतदाताओं के फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार कराए जा चुके हैं | पंचायत आम निर्वाचन के मतदान के लिए कुल मतदान केन्द्र 31,041 निर्धारित किए गए हैं.जिनमें से 7,128 संवेदनशील और 2161 अतिसंवेदनशील हैं।
महापौर और अध्यक्ष की खर्च जांचने नियुक्त होंगे संपरीक्षक : महापौर के लिए 5 लाख की आबादी वाले नगर निगम के लिए महापौर अधिक 25 लाख खर्च कर सकते है 3 से 5 लाख आबादी में 20 लाख उसके नीचे 15 लाख की खर्च सीमा तय है | आयोग ने निर्वाचन प्रक्रिया के समय आदर्श आचरण संहिता के पालन करने तथा महापौर, अध्यक्ष पदों के लिए निर्धारित व्यय सीमा पर निगरानी रखने के लिए निर्वाचन प्रेक्षक, व्यय प्रेक्षक नियुक्त किए जाएंगे | इसी के साथ ही महापौर, अध्यक्ष पद के लिए व्यय सीमा की निगरानी हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी निर्वाचन व्यय संपरीक्षक की नियुक्ति करेगा, जो महापौर, अध्यक्ष पद के अभ्यर्थियों की व्यय लेखा की जांच करेंगे | अभ्यर्थिता वापसी के लिए निर्धारित अतिम तिथि एवं मतदान तिथि के मध्य अभ्यर्थियों द्वारा अपनी व्यय लेखा की अनिवार्यतः जांच निर्वाचन व्यय संपरीक्षक के पास कराया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में नगर निगम: अंबिकापुर, कोरबा, चिरमिरी, जगदलपुर, दुर्ग, धमतरी, बिलासपुर, बीरगांव, भिलाई, चरोदा, राजनांदगांव, रायगढ़, रायपुर, रिसाली नगर निगम है।
छत्तीसगढ़ में नगर पालिका: अकलतरा, अमलेश्वर, अहिवारा, आरंग, कटघोरा, कुम्हारी, कवर्धा, कांकेर, किरंदुल, कोंडागांव, खरसिया, खैरागढ़, गरियाबंद, गोबरानवापारा, चांपा, जशपुर, जांजगीर नैला, जामुल, डोंगरगढ़, तखतपुर, तिलदानेवरा, दंतेवाड़ा, दल्लीराजहरा, दीपका, नारायणपुर, पंडरिया, बैकुंठपुर, बचेली, बेमेतरा, बलरामपुर, बलौदाबाजार, बांकीमोगरा, बागबाहरा, बालोद, बीजापुर, भाटापारा, मुंगेली, मंदिर हसौद, मनेंद्रगढ़, महासमुंद, रतनपुर, लोरमी, शिवपुरचरचा, सक्ती, सुकमा, सूरजपुर, सरायपाली, सारंगढ़ है. वहीं छत्तीसगढ़ में 122 नगर पंचायत है।
पिकनिक से लौटते वक्त स्कूल बस हादसे का शिकार, शिक्षक और ड्राइवर की मौत, 12 बच्चे घायल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के ग्राम चिकलपुटी के पास नया बस स्टैंड के सामने नेशनल हाइवे 30 पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। मिडिल स्कूल केवंट टोला, जिला मोहलामानपुर के शिक्षक और बच्चों को भ्रमण से वापस ला रही बस एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस ड्राइवर और एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि 12 बच्चे घायल हो गए हैं। इनमें से 4 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा तब हुआ जब तीर्थगढ़, चित्रकूट, दंतेवाड़ा और बारसूर भ्रमण कर लौट रही बस को अचानक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे की जांच में सिटी कोतवाली पुलिस जुटी हुई है।