रायपुर
राशन कार्ड के बाद अब एलपीजी गैस कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी किया जा रहा
रायपुर | राशन कार्ड के बाद अब केंद्रीय स्तर पर एलपीजी गैस कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराया जा रहा है | केंद्र सरकार ने इसके लिए अंतिम तारीख भी निर्धारित कर दी है | अगर आपने ई-केवाईसी नहीं कराया तो कनेक्शन पूरी तरह से ब्लॉक भी हो सकता है | आप ई-केवाईसी जल्द कराएं, नहीं तो जून से सिलेंडर मिलने में दिक्कत हो सकती है |
एलपीजी गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी नहीं कराया है, तो 31 मई 2024 से पहले करा ले, क्योंकि राशन कार्ड के बाद अब एलपीजी गैस कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी किया जा रहा है | अगर आपने 31 मई 2024 तक ई-केवाईसी नहीं कराया तो आपका एलपीजी गैस कनेक्शन ब्लॉक हो सकता है |
छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् द्वारा दसवीं और बारहवीं परीक्षा परिणाम घोषित
कक्षा पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष (10वीं) में 98.48 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण
कक्षा उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष (12वीं) 98.43 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण
रायपुर, 15 मई 2024 | छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् रायपुर की सचिव अलका दानी द्वारा आज छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् रायपुर आयोजित वर्ष 2024 का मुख्य परीक्षा परिणाम विद्यामण्डलम् कार्यालय में घोषित कर दिया गया है। परीक्षा परिणाम 96.35 प्रतिशत रहा। जिसमें कुल 3 हजार 504 परीक्षार्थी (कक्षा 9वीं से 12वीं तक) शामिल हैं, जिसमें बालक 2 हजार 90 एवं बालिकाएं 1 हजार 414 हैं। वर्ष 2024 की मुख्य परीक्षा के लिए छत्तीसगढ़ में कुल 41 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे जिसमें (9वीं से 12वीं) में 3 हजार 196 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए जिसमें बालक 1 हजार 891 और बालिकाएं 1 हजार 305 उत्तीर्ण हुए।
कक्षा पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष (10वीं) का परीक्षा परिणाम 98.48 प्रतिशत रहा जिसमें कक्षा (10वीं) में दर्ज संख्या 801 (बालक 503, बालिकाएं 298) था जिसमें परीक्षा में सम्मिलित परीक्षार्थीयों की संख्या 777 (बालक 486, बालिकाएं 291) परीक्षा में उर्तीण रहे। 470 बालक-बालिकाएं प्रथम स्थान मिला एवं 284 बालक-बालिकाएं द्वितीय स्थान पर रहे तथा 23 बालक-बालिकाएं तृतीय स्थान पर रहे तथा 7 परीक्षार्थी पूरक आएं एवं 5 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहे। प्रावीण्य सूची में गोस्वामी रामरतन संस्कृत उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय जर्वे जांजगीर-चांपा की छात्रा चंद्रभागा कश्यप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कक्षा उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष (12वीं) का परीक्षा परिणाम 98.43 प्रतिशत रहा जिसमें कक्षा (12वीं) में दर्ज संख्या 589 (बालक 333, बालिकाएं 256) था जिसमें परीक्षा में सम्मिलित परीक्षार्थीयों की संख्या 565 (बालक 317, बालिकाएं 248) परीक्षा में उर्तीण रहे। 462 बालक-बालिकाएं प्रथम स्थान मिला एवं 96 वालक-बालिकाएं द्वितीय स्थान पर रहे तथा 7 बालक-बालिकाएं तृतीय स्थान पर रहे तथा 9 परीक्षार्थी पूरक आएं। प्रावीण्य सूची में रामेश्वर गहिरा गुरू संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्रीकोट जिला बलरामपुर की छात्रा यामिनी भगत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् रायपुर के सचिव अलका दानी ने कहा कि मण्डल की मुख्य परीक्षा 2024 की परीणाम घोषित करने में मण्डल के अधिकारी-कर्मचारी अमूल्य सहयोग रहा है। इसके लिए मण्डल के सभी अधिकारी-कर्मचारी बधाई के पात्र है। समस्त सफल परीक्षार्थियों को बधाई तथा शुभकामनाएं देती हूं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं। जो परीक्षार्थी असफल हो गए हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि असफलता ही सफलता की सीढ़ी है इसे ध्यान में रखते हुए पुनः कड़ी मेहनत कर परीक्षा में सम्मिलित होने पर सफलता अवश्य मिलेगी।
इस अवसर पर श्री दूधाधारी वैष्णव संस्कृत विद्यालय के प्राचार्य डॉ. तोयनिधि वैष्णव, आर्षज्योति गुरुकुल संस्कृत विद्यालय के प्राचार्य मुकेश अहीर, रामबन्द्र संस्कृत विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजेश तिवारी के साथ अन्य विद्यालयों के प्राचार्यगण और छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् रायपुर के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थेे।
वन विभाग की कार्यवाही, अर्जुन लकड़ी से भरे दो वाहन पकड़ाये
रायपुर | औषधि वृक्ष कहे जाने वाले कहुआ (अर्जुन) लकड़ी की अवैध परिवहन में लगे दो टैक्टरों को वन विभाग की विशेष उड़नदस्ता टीम ने 13 मई की रात्रि पकड़कर पीओआर की कार्रवाई की। इसके कुछ दिन पहले ही तीन ट्रैक्टर और जप्त किये गए थे। बहुत दिनों से कुरूद क्षेत्र में कहुआ पेड़ों की अवैध कटाई कर परिवहन किया जा रहा था। जिसे संज्ञान मे लेकर वन विभाग की उड़नदस्ता टीम लकड़ी तस्करों पर कार्रवाई भी करती रही। वन विभाग की टीम को मुखबीर से सूचना मिली कि दो ट्रैक्टर लकड़ी की निकासी होने वाली है।
मुख्य वन संरक्षण अधिकारी के सख्त निर्देश के बाद वन मण्डलाधिकारी के मार्गदर्शन में उड़नदस्ता की टीम ने 13 मई की रात दो अलग-अलग स्थानों में छापा मारकर कार्रवाई की। ग्राम बिरेझर एनएच-30 मार्ग में ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 04 डीएम 9021 ट्राली सहित लकड़ी भरी थी |
इस वाहन के मालिक व चालक वामन देव साहू ग्राम परसट्ठी थे। ट्रैक्टर के खिलाफ पीओआर किया गया। इस कार्रवाई में सीएफओ उमेश सिंह, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी महेन्द्र रघवंशी, सीएफओ अर्जुन निर्मलकर, बंटी यादव एवं वाहन चालक रूपेन्द्र पांडे का विशेष योगदान रहा।
पानी के लिए हलाकान रायपुर, आज शाम जोन-4 व जोन-6 की 50 हजार आबादी को नहीं मिलेगा पानी
राजधानी रायपुर में अभी भी गर्मियों में पानी सप्लाई की सुनियोजित व्यवस्था नहीं
रायपुर | बुधवार की शाम रायपुर शहर की लगभग 50 हजार आबादी को पीने का पानी नहीं मिल पाएगा। दरअसल नगर निगम फिल्टर प्लांट के अंतर्गत 47.5 एमएलडी रॉ वाटर (कच्चे या अशुद्ध पानी) पाइप से नये 80 एमएलडी रॉ वाटर लाइन में 15 मई को इंटरकनेक्शन किया जाएगा। इस काम के कारण सुबह पानी सप्लाई के बाद पांच टंकियों में शाम के समय सप्लाई के लिए पानी नहीं भर पाएगा। निगम अधिकारियों ने बताया कि इन पांचों टंकियों के कमांड क्षेत्र में नौ वार्ड आते हैं। ये सभी टंकियां जोन-4 और जोन-6 कमिश्नरी एरिया अंतर्गत आ रहे हैं।
प्लांट के कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि इस इंटरकनेक्शन काम के लिए 10 घंटे शटडाउन रहेगा। इसी के चलते उक्त दोनों प्लांट से भरने वाली टंकियों में बैरनबाजार व बैरनबाजार नई टंकी, देवेंद्रनगर व देवेंद्रनगर नई टंकी, संजयनगर टिकरापारा तथा महापौर बंगले में स्थित टैंक नंबर 4 में सुबह सप्लाई के बाद पानी नहीं भरा जाएगा। यह व्यवस्था 16 मई को सुबह से नियमित कर दी जाएगी।
जलकार्य विभाग के अधिकारियों नेबताया कि 15 मई को होने वाले शटडाउन के दौरान नागरिकों की आवश्यकता पर टैंकर से पानी देने की तैयारी कर ली है। जिस जोन की बस्ती से मांग आएगी, वहां टैंकर भेजा जाएगा।
छत्तीसगढ़ में फिर पारा दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना, मौसम विभाग ने व्यक्त की है
रायपुर। सूर्य की तपिश का प्रकोप एक बार फिर से शुरू हो रहा है | मौसम विभाग के अनुसार अब वर्षा की गतिविधियां अपने अंतिम चरम पर हैं और इसकी वजह से अब सूर्य की तपिश दोबारा से शुरू हो रही है | उत्तर व मध्य छत्तीसगढ़ में पारा दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ के एक दो हिस्सों में बहुत हल्की वर्षा होने के साथ ही एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा होने, अंधड़ चलने के साथ वर्षा के भी आसार बन रहे हैं।
एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती पश्चिम विदर्भ के उपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में बुधवार को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। साथ ही एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में वृद्धि का दौर प्रारंभ होने की संभावना भी बन रही है। सूर्य की तपिश का प्रकोप एक बार फिर से शुरू का अनुमान लगाया गया है |
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान प्रदेश में लगभग सभी जगहों पर सामान्य औसत से ज्यादा है। आंकड़ों के अनुसार यह बिलासपुर में 1.9 डिग्री, माना व अंबिकापुर में 1.7, जगदलपुर में 1.5, दुर्ग में 1.5 और पेंड्रा रोड में सामान्य औसत से 0.9 डिग्री सेल्सियस तक कम है।
इसके अलावा न्यूनतम तापमान में भी लगभग सभी जगहों पर बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। दुर्ग में यह 3.6 डिग्री कम, माना में 2.1 डिग्री, अंबिकापुर में 1.6 डिग्री, जगदलपुर में 0.9 डिग्री, बिलासपुर में 0.4 डिग्री और पेंड्रा रोड में सामान्य औसत से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है।
विस्फोट में बाल.बाल बचे पुलिस अफसर, फरसेगढ़ टीआई और सिपाही की जीप को बम से उड़ाने की कोशिश
रायपुर | छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में मंगलवार को नक्सलियों ने एंबूश लगा कर पुलिस वाहन को बारूदी विस्फोट से उड़ाने का प्रयास किया। टीआई के शासकीय वाहन में नक्सलियों ने विस्फोट किया। एसपी जितेंद्र यादव ने इस घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार फरसेगढ़ थाना प्रभारी आकाश मसीह अपने वाहन से बीजापुर जिला मुख्यालय के लिए हुए रवाना थे। सोमनपल्ली और रानीबोदली के बीच गन्नम नाला के पास नक्सलियों ने विस्फोट किया। वाहन में थानेदार के साथ एक आरक्षक भी सवार था। थानेदार और आरक्षक दोनों ही सुरक्षित हैं। वाहन के सामने का हिस्सा विस्फोट में आया। आईईडी ब्लास्ट से दोनों सुरक्षित है। वाहन को क्षति पहुंची है।
फरसेगढ़ टीआई के शासकीय वाहन में नक्सलियों ने IED विस्फोट कर दिया। जिसमें टीआई और आरक्षक बाल-बाल बच गए।
छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् मुख्य परीक्षा परिणाम की घोषणा 15 मई को
रायपुर |14 मई 2024/ छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् द्वारा आयोजित मुख्य परीक्षा वर्ष 2024 की कक्षा पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष (9वीं) से उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष (12वीं) के परीक्षा परिणामों की घोषणा 15 मई बुधवार को दोपहर 12.30 बजे की जाएगी।
सचिव छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् रायपुर द्वारा परीक्षा परिणाम की घोषणा विद्यामंडलम् पेंशनबाड़ा माध्यमिक शिक्षा मंडल कैम्पस रायपुर में की जाएगी। छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2023-24 में कुल 41 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे, जिसमें 3505 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
मुंबई की घटना से सबक, रायपुर नगर निगम के आयुक्त ने ली विज्ञापन एजेंसियों और नगर निगम के अधिकारियों की बैठक
रायपुर | रायपुर नगर निगम के आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने शहर में सुरक्षित ढंग से होर्डिंग्स लगाए जाने को लेकर विज्ञापन एजेंसियों के संचालकों और नगर निगम के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी विज्ञापन एजेंसियों को अपने द्वारा लगाई गई होर्डिंग्स के स्ट्रक्चर की जांचकर नगर निगम को इनकी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में कहा कि मुंबई जैसा हादसा रायपुर में न हो, यह विज्ञापन एजेंसियां सुनिश्चित करें। मुंबई में आंधी में एक प्रचार होर्डिंग के गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 74 लोग इसमें घायल हुए हैं। नगर निगम आयुक्त ने रायपुर में इस तरह की घटना को रोकने सभी विज्ञापन एजेंसियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त मिश्रा ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में मौजूद 90 से अधिक विज्ञापन एजेंसियों के संचालकों एवं प्रतिनिधियों को अपने द्वारा लगाई गई होर्डिंग्स की स्ट्रक्चरल जांच कराकर एक सप्ताह के भीतर ही सभी होर्डिंग्स की स्ट्रक्चरल जांच से संबंधित प्रमाण पत्र नगर निगम के नगर निवेश विभाग को सौंपने को कहा। उन्होंने होर्डिंग्स से किसी भी प्रकार का कोई अप्रिय हादसा रायपुर शहर में न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने होर्डिंग्स गिरने या किसी भी तरह की दुर्घटना से बचाव के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने को कहा।रायपुर नगर निगम क्षेत्र में विज्ञापन नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी बैठक में चर्चा हुई। इस संबंध में एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। नगर निवेशक निशिकांत वर्मा, सहायक अभियंता आशुतोष सिंह और उप अभियंता विकास साहू भी बैठक में मौजूद थे।
आरोपी पटवारी गिरफ्तार बीर्रा पुलिस की कार्रवाई, फर्जी ऋण पुस्तिका मामला
रायपुर | जांजगीर चांपा में 2.5 एकड़ जमीन को फर्जी तरीके से 12 एकड़ के पेपर तैयार कर बैंक से 22 लाख रुपए लोन निकलवाने के आरोप में पटवारी को गिरफ्तार किया | उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है | मामले में अन्य आरोपी की पहले गिरफ्तारी ही हो चुकी है |
मामला बिर्रा के अंतर्गत देवरानी गांव का है, निवासी नम्मू लाल पटेल के रिपोर्ट दर्ज के अनुसार 2.5 एकड़ जमीन को परमानंद कर्ष नामक व्यक्ति ने अनपे अन्य साथियों और पटवारी के द्वारा फर्जी तरीके से नेट आईडी में 2.5 एकड़ जमीन को 12 एकड़ जमीन बनाकर B1 एवं अन्य दस्तावेज को फर्जी तरीके से पेपर बनाकर, HDFC बैंक राजिम से 22 लाख रुपए का लोन लिया था |
पुलिस ने नम्मू लाल पटेल के रिपोर्ट के आधार पर आरोपीयों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 120 B और 34 के तहत जुर्म दर्ज किया | जांच में जुटी पुलिस ने मुख्य आरोपी पटवारी दयाराम साहू की तलाश की | पुलिस ने धोखाधड़ी कर फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार करने वाले आरोपी पटवारी दयाराम साहू को गिरफ्तार किया है और उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया | इस मामले में पूर्व के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है |
कैशलेस स्वास्थ्य योजना की जानकारी लेने पहुंची मध्यप्रदेश विद्युत कंपनी व पंजाब की टीम
तीन नए आपराधिक कानून पर वार्तालाप.... आईजी शुक्ला बोले- दण्ड संहिता से न्याय संहिता की ओर तीन नए आपराधिक कानून
रायपुर। देशभर में 01 जुलाई, 2024 से प्रभावी होने वाले तीन नए आपराधिक कानून, दंड संहिता से न्याय संहिता की ओर अग्रसर करने वाला है । यह बात गृह मंत्रालय, भारत सरकार एवं पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में तीन नए आपराधिक कानूनों पर रायपुर में आयोजित मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ में पुलिस महानिरीक्षक (बिलासपुर रेंज) संजीव शुक्ला ने कही । इस वार्तालाप में स्थानीय प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और ऑनलाइन मीडिया के लीगल और क्राइम बीट कवर करने वाले संवादाता शामिल हुए ।
वार्तालाप को संबोधित करते हुए शुक्ला ने कहा कि देश लगभग पौने दो सौ साल के औपनिवेशिक कानून से निकलकर भारतीयता से ओतप्रोत भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के माध्यम से एक नए युग की शुरुआत कर रहा है ।
तीनों नए कानूनों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शुक्ला ने कहा कि नया कानून ज्यादा जनता को ध्यान रखकर बनाया गया है । उन्होंने बताया कि तीन नए प्रमुख कानूनों का मकसद सजा देने की बजाय न्याय देना है । शुक्ला ने कहा कि आज साइबर अपराधों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है । पुराने कानूनों में साइबर अपराधों के लिए कोई प्रावधान नहीं था, लेकिन नए कानून में व्यवस्था की गयी जो आज के समय की मांग है। उन्होंने बताया कि इन नए कानूनों में सूचना प्रौद्योगिकी के साथ ही साथ फॉरेंसिक लैब की स्थापना पर बल दिया गया है ।
इस अवसर पर छत्तीसगढ पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के उपनिदेशक अभियोजन, अवनिश चौरसिया ने बताया कि नए कानूनों में ई-रिकॉर्ड का प्रावधान किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जीरो एफआईआर, ई-एफआईआर और चार्जशीट डिजिटल होंगे । पीड़ित को 90 दिनों के भीतर सूचना प्रदान की जाएगी और 7 साल या उससे अधिक की सजा के प्रावधान वाले मामलों में फॉरेंसिक जांच अनिवार्य होगी ।
उन्होंने बताया कि राजद्रोह कानून को निरस्त कर देशद्रोह को परिभाषित किया गया है। इसमें भारत की संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ कार्यों के लिए सात साल तक की सजा अथवा आजीवन कारावास का प्रावधान किया गया है । उन्होंने बताया कि नए आपराधिक कानून बेहद सरल हैं और सहजता के साथ अध्ययन करने पर इन्हें आसानी से समझा जा सकता है । उन्होंने बताया कि भगोड़े अपराधी के दोषी पाए जाने पर 10 वर्ष या अधिक की सजा/आजीवन कारावास/मौत की सजा और भगोड़े अपराधियों की संपत्ति जब्त करने के लिए अन्य देशों के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाए जाने का प्रावधान किया गया है । साथ ही संगठित अपराधों पर नए प्रावधान बनाए गए हैं । इसके अलावा आतंकवाद को परिभाषित करते हुए इसके प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत किया गया है और आतंकवादी कृत्यों के लिए मृत्युदंड अथवा आजीवन कारावास का प्रावधान किया गया है ।
राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी, रायपुर के सहायक जिला अभियोजन अधिकारी शुभम तोमर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 पर चर्चा करते हुए बताया कि इन कानूनों के लागू होने के बाद आम जनता को न्याय, सरल, सुलभ और समबद्ध रूप से प्राप्त होंगे । एफआईआर से लेकर अदालत के निर्णय तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन हो जाएगी और भारत अपनी आपराधिक न्याय प्रणाली में आधुनिक तकनीक का सबसे अधिक इस्तेमाल करने वाला देश बन जाएगा । देश में एक ऐसी न्यायिक प्रणाली स्थापित होगी जिसके जरिए तीन वर्षों के भीतर न्याय मिल सकेगा । उन्होंने बताया कि 35 धाराओं में समय सीमा निर्धारित की गई है । उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक तरीके से शिकायत दायर करने के तीन दिन के भीतर एफआईआर दर्ज करने का प्रावधान है, साथ ही यौन उत्पीड़न के मामलों में सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देनी होगी । श्री तोमर ने धारा 41 के अंतर्गत पुलिस द्वारा किसी व्यक्ति को गिरफ्तार करने और उसके प्रक्रिया की पर विस्तार से चर्चा की ।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में अतिथियों का का स्वागत करते हुए पत्र सूचना कार्यालय, नई दिल्ली के अपर महानिदेशक कृपा शंकर यादव ने कहा कि इस वार्तालाप का उद्देश्य नए कानूनों की जानकारी मीडिया के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाना है, ताकि वे इन कानूनों के प्रति जागरुक हो सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए कानून त्वरित न्याय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर के उपनिदेशक रमेश जायभाये ने किया।
महादेव-सट्टा केस में SEBI की एंट्रीः 1000 करोड़ का निवेश, शेयर मार्केट में सट्टेबाजी की काली कमाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित महादेव सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED), EOW के बाद अब SEBI की एंट्री हो गई है। ईडी ने चार्जशीट में खुलासा किया है कि महादेव बेटिंग ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और शुभम सोनी ने सट्टेबाजी से अर्जित काली कमाई को सफेद करने के लिए शेयर मार्केट में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है।
महादेव बैटिंग ऐप को लेकर ED की ओर से 2020 पन्नों की चार्जशीट पेश की गई है, जिसमें यह खुलासा किया गया कि बड़ी रकम एक जगह कैश रखने के बजाय प्रमोटरों ने ऑनलाइन ही पूरा ट्रांजेक्शन किया और एक ही समय में करोड़ों के शेयर खरीदे, जिनमें ज्यादातर शेयर कई नामी कंपनियों के हैं। ऐसा इसलिए किया गया ताकि भविष्य में किसी भी तरह का कोई नुकसान ना उठाना पड़े।
बैटिंग की काली कमाई को शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने प्रमोटरों ने फर्जी शैल कंपनियां बनाई है, जिसमें ज्यादातर कंपनियां विदेश की दिखाई गई हैं। ऐसा इसलिए किया गया ताकि किसी भी एजेंसी को शक ना हो। ईडी ने हवाला कारोबारी गिरीश तलरेजा और सुरेश चोखानी की गिरफ्तारी के दो महीने बाद पिछले हफ्ते ही 252 पन्नों का पूरक परिवाद और 2200 पेज के दस्तावेज पेश किए गए हैं, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
महादेव बैटिंग में ED के द्वारा पेश परिवाद के अनुसार, आरोपी हरिशंकर टिबरेवाल महादेव सट्टे का प्रमोटर का पार्टनर है। साथ ही दोनों स्काई एक्सचेंज एप में भी प्रमुख साझेदार हैं। दोनों मिलकर सट्टे का पैसा शेयर मार्केट में इन्वेस्ट कर रहे थे। इसके लिए अलग से टीम बनाई गई थी। इस टीम में शेयर मार्केट के जानकारों को रखा गया था, जो ट्रेडिंग का काम करते थे। इसमें सूरज चोखानी, नितिन टिबरेवाल सहित अन्य लोग शामिल हैं।
आरोपी हरिशंकर टिबरेवाल के खाते की जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी ने पार्टनशिप में 29 फरवरी को 429 करोड़ रुपये विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) से किए हैं। जिन कंपनियों में पैसा निवेश किया गया है। वह छोटे और मंझोली कंपनियां हैं। इसमें कोई बड़ी या ज्यादा शेयर वैल्यू वाली कंपनियां नहीं हैं। ईडी के मुताबिक भारतीय कंपनियों के नाम से 580 करोड़ रुपये निवेश किए गए हैं।
महादेव सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब तक 1300 करोड़ की संपत्ति को अटैच किया है। इसमें कैश, ज्वेलरी, 580 करोड़ की संपत्ति और शेयर मार्केट में इन्वेस्ट पैसा शामिल हैं। छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे राज्यों में भी स्थित संपत्तियों को अटैच किया गया हैं। इसमें मामले में अब तक 19 गिरफ्तारी हुई है। वहीं 30 से ज्यादा लोग फरार हैं। पिछली सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ के कई बड़े नेताओं के नाम भी इसमें संलिप्त होने का खुलासा किया गया है।
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय़ शर्मा ने दिया इस्तीफा.... जानिए किस पद से दिया उन्होंने त्यागत्र
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आज कवर्धा प्रवास पर रहे, इस दौरान उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर जिला पंचायत अध्यक्ष को अपने जिला पंचायत सदस्य, सभापति पद से त्याग पत्र सौंप दिया है।
बतादें कि डिप्टी सीएम विजय शर्मा विधायक बनने से पहले कवर्धा जिला पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 9 से जिला पंचायत सदस्य थे, इस दौरान वह चार वर्ष से अधिक समय तक जिला पंचायत मेंबर और सभापति के दायित्व का निर्वहन किया।
वहीं 2023 के विधानसभा चुनाव में कवर्धा से वह जीतकर आए और विधायक के तौर पर निर्वाचित हुए,जिसके बाद उन्हें प्रदेश के भाजपा सरकार में डिप्टी सीएम बनाया गया, जिसके बाद अब वह आज कवर्धा प्रवास के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष को अपने जिला पंचायत मेंबर, सभापति पद से इस्तीफा सौंप दिया है।
राजधानी में इन 17 मार्गों पर दौड़ेंगी 100 ई – बसें, केंद्र सरकार से मिली अनुमति
रायपुर । राजधानी वासियों को जल्द ही 100 ई-बसों की सुविधा मिलन रही है। केंद्र से ई-बसों के लिए मिली अनुमति के बाद निगम ने संचालन के लिए रूट का चयन भी कर लिया है। जल्द ही नया रायपुर सहित भिलाई - दुर्ग तक नागरिकों को एसी वाली ई-बसों की सुविधा मिलने जा रही है। केंद्र सरकार ने बसों की खरीदी, संचालन आपरेटर व भुगतान से संबंधित टेंडर भी कर दिया है। केंद्र से जैसे - जैसे निर्देश मिल रहे हैं उन पर तत्काल कार्य किया जा रहा है।
नगर निगम द्वारा आमानाका और पंडरी में बस डिपो बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को पहले ही भेजा गया है। केंद्रीय दल के दौरे के बाद निगम अधिकारियों ने उनके अनुसार डिपो का प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा है, जिसमें पंडरी बस स्टैंड में 40 तो आमानाका बस डिपो में 60 बसों का डिपो बनाने की अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही बस डिपो बनाने का कार्य भी शुरू किया जाएगा। पंडरी बस स्टैंड व आमानाका बस डिपो दोनों में बसों के ठहरने से लेकर चार्जिंग भी व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं, बसों के रूटों पर भी कुछ चार्जिंग पाइंट लगाए जाएंगे, जिससे आवश्यकता होने पर बसों को चार्ज किया जा सके।
ई-बसों के संचालन और देखरेख का पूरा भार रायपुर नगर निगम के पास रहेगा। सभी ई-बसों के सफल संचालन के लिए निगम अधिकारी ही जिम्मेदारी उठाएंगे। बाकी केंद्र द्वारा बसों की खरीदी से लेकर अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जायेगी। जानकारी के अनुसार बसों के मेंटेनेंस से संबंधित प्लान भी केंद्र सरकार द्वारा तैयार किया जा रहा है, जिसमें हर बस के आधार पर निगम के पास फंड रहेगा। बस में किसी भी प्रकार की खराबी होने पर फंड उपयोग कर तुरंत ही ठीक कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार यह व्यवस्था आगामी पांच सालों तक के लिए रहेगी। ई – बसों का संचालन इन मार्गो पर होगा |
1.रायपुर रेलवे स्टेशन से पंडरी बस स्टैंड, अवंती बाई चौक, मोवा जीरो पाइंट विधानसभा, डोंडे, खरोरा 2. रायपुर रेलवे स्टेशन से फाफाडीह से सिलयारी स्टेशन 3. रायपुर रेलवे स्टेशन से बूढ़ातालाब, भाठागांव, कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय, दतरेंगा, तार्रीघाट 4. रायपुर रेलवे स्टेशन से फाफाडीह, भनपुरी, उरला 5. रायपुर एयरपोर्ट से तेलीबांधा चौक, भिलाई, दुर्ग रेलवे स्टेशन 6. रायपुर रेलवे स्टेशन से तेलघानी नाका, हीरापुर, नंदनवन 7. रायपुर रेलवे स्टेशन से घड़ी चौक, मैग्नेटो माल, एमएम फन सिटी, भनसोज 8. रायपुर एम्स से आमानाका, जयस्तंभ चौक, तेलीबांधा, सेरीखेड़ी, आरंग9. रायपुर रेलवे स्टेशन से शास्त्री चौक, आमापारा, कुम्हारी, अहिवारा10. रायपुर रेलवे स्टेशन से घड़ी चौक, माना बस्ती, तहुनाद, चम्पारण 11. रायपुर रेलवे स्टेशन से घड़ी चौक, पचपेड़ी नाका, अभनपुर 12. रायपुर रेलवे स्टेशन से तेलीबांधा, मंदिरहसौद, कुरूद, चंदखुरी 13. रेलवे स्टेशन से जेल रोड़, घड़ी चौक, गौरवपथ, जोरा होते हुए नया रायपुर मंत्रालय 14. मंत्रालय डीकेएस भवन गेट नंबर-4 से जेल रोड, घड़ी चौक, गौरवपथ, राष्ट्रीय राजमार्ग-6, जीरो इंटरचेंज, नया रायपुर मंत्रालय 15. कबीर नगर से हीरापुर चौक, पचपेड़ी नाका, डुमर तराई से नया रायपुर मंत्रालय16. तेलीबांधा चौक से डीडी नगर, संतोषी नगर, सेरीखेड़ी, जोरा नया रायपुर मंत्रालय 17. एनएच-43 से नया रायपुर रोड़ नंबर-2, क्रिकेट स्टेडियम नया रायपुर |
उद्यानिकी विभाग में पदस्थ 9 अधिकारी बर्खास्त, दिव्यांग कोटा से हासिल की थी नौकरी…
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के उद्यानिकी विभाग में पदस्थ 9 ग्रामीण उद्यान अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। सीधी भर्ती में दिव्यांग कोटा में नौकरी हासिल करने वाले इन लोगों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र फर्जी साबित हुआ है।
जांच में खुलासा हुआ कि इन लोगों ने नौकरी प्राप्त करने के लिए गलत प्रमाण पत्रों का उपयोग किया है। इसके आधार पर अब उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। बर्खास्त किए गए सभी कर्मचारी सीधी भर्ती के माध्यम से सेवा में आए थे।
बर्खास्त किए गए अधिकारी में राहुल पाटले गरियाबंद, श्रवण कुमार बिलासपुर, दिनेश कुमार सक्ती, चंद्रशेखर सक्ती, अमन कुमार बलौदाबाजार, जितेंद्र कुमार जगदलपुर, गौतम कश्यप गरियाबंद, पूजा पहारे मुंगेली और सतीश कुमार मुंगेली शामिल है।
वेब-सीरिज मनी हाईस्ट से प्रभावित होकर ड्रग तस्कर बने प्रोफेसर, लूसीफर और बर्लिन
रायपुर। नेटफ्लिक्स के वेब-सीरिज मनी हाईस्ट से प्रभावित होकर स्वयं की पहचान छिपाने ड्रग तस्करों ने अपना नाम बदल लिया। मुख्य सरगना को तस्कर प्रोफेसर कहते थे। वहीं अन्य का नाम लुसीफर और बर्लिन था। सभी एक दूसरे को इसी नाम से संबोधित करते थे। बतादें कि राजधानी पुलिस ने निजात अभियान के तहत एमडीएमए एवं कोकिन के साथ 1 अंतर्राज्यीय एवं 1 महिला सहित कुल 4 आरोपी गिरफ्तार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों को खम्हारडीह क्षेत्र स्थित धोतरे मैरिज गार्डन एवं मंदिर हसौद क्षेत्र स्थित सैमरॉक ग्रीन होटल से पकड़ा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार निजात अभियान के 13 मई को नारकोटिक्स सेल की टीम को सूचना मिली कि कचना नाला पास स्थित एक होटल में कुछ व्यक्ति रूके है, जो अपने पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ एमडीएमए (methylenedioxymethamphetamine) एवं कोकिन रखें है। अपने चारपहिया वाहन में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बिक्री करने की फिराक में घुम रहे है। जिस पर टीम ने उन्हें पकड़ने की योजना बनाई और योजनानुसार टीम का एक सदस्य ग्राहक बनकर एमडीएमए ड्रग्स एवं कोकिन खरीदने पैडलर से संपर्क किया।
जिसके बाद टीम ने धोतरे मैरिज गार्डन के एक कमरे में रेड मारी। कार्यवाही के दौरान कमरे में 2 व्यक्ति मिले। जिन्होंने अपना नाम कुसुम हिंदुजा एवं चिराग शर्मा बताया। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास छोटे जिप पॉलिथीन में प्रतिबंधित मादक पदार्थ कोकीन एवं एक इलेक्ट्रानिक तराजू मिला। दोनों आरोपियों से उनके अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ करने पर एक साथी आयुष अग्रवाल को सेमरॉक ग्रीन होटल तथा एक साथी महेश सिंह को भी रायपुर में रूकना बताया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आयुष अग्रवाल एवं महेश सिंग को भी पकड़ा।
चारों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा एमडीएमए एवं कोकिन को दिल्ली से लाना एवं रायपर में घुम - घुम कर बिक्री करना बताया गया। आरोपी महेश सिंग खडगा जो दिल्ली का निवासी है, वह दिल्ली से प्रतिबंधित मादक पदार्थ लाकर आयुष अग्रवाल को देता है तथा आयुष अग्रवाल अपने पैडलर कुसुम हिंदुजा एवं चिराग शर्मा के माध्यम से मांग के आधार पर लोगों को उपलब्ध कराता था।
आरोपी आयुष अग्रवाल के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में मारपीट, आरोपी चिराग शर्मा के विरूद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में मारपीट तथा महिला आरोपी कुसुम हिंदुजा के विरूद्ध थाना खम्हारडीह में थाना 295 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध है। प्रकरण में धोतरे मैरिज गार्डन एवं सैमरॉक ग्रीन होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों का अवलोकन किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 अलग-अलग छोटे जिप पॉलिथीन में रखें 2100 मिलीग्राम एमडीएमए एवं 6600 मिलीग्राम कोकिन, 1 नग इलेक्ट्रानिक तराजू, 8 नग मोबाईल फोन, नगदी रकम 86,000 रुपये, 3 नग सोने की चैन, 1 नग लैपटॉप, 1 नग आईपेड, 3 नग एटीएम, 1 नग सिम कार्ड तथा ऑडी कार जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध नारकोटिक्स एक्ट के तहतअपराध दर्ज किया गया।
छ्त्तीसगढ़ी फिल्म ‘नाचा’ में होगा पंथी, राउत नाचा, गेड़ी और सुआ का संगम
रायपुर। रुद्रांश फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले छत्तीसगढ़ की पहली डांस फिल्म ‘नाचा’ बनने जा रही है। छत्तीसगढ़ी भाषा में बनने यह पहली डांस फिल्म होगी। फिल्म का मुहूर्त बीते दिनों हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ी सिनेमा के कई बड़े चेहरे शामिल हुए। फिल्म के निर्माता और निर्देशक महेश चंद्राकर है। जो छत्तीसगढ़ और बालीबुड के दिग्गज कोरियोग्राफर में से एक है। फिल्म में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध अभिनेत्री अनिकृति चौहान, महेश चंद्राकर के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
फिल्म निर्माता महेश चंद्राकर ने बताया कि छत्तीसगढ़ के होनहार युवा कलाकार जो बॉलीवुड टॉलीवुड के कई रियालिटी शो में शामिल हुए और विनर भी रहे फिल्म में अभिनय करते नजर आएंगे। जिनमें मुख्य रूप से डांस प्लस प्रो के विनर रितेश पॉल, सुपर डांसर के फर्स्ट रनरअप लक्ष्मण साथ ही साथ ऋतिक, कल्प्रिता, लावण्या, लवनीत जैसे सेलिब्रिटीज भी नजर आएंगे। नए होनहारों के साथ संजय महानंद, पुष्पेंद्र सिंह , अनुराधा दुबे जैसे दिग्गज कलाकार भी फिल्म में काम कर रहे है।
इस फिल्म में वेस्टर्न डांस के साथ ही छत्तीसगढ़ी लोक नृत्यों का तड़का देखने को मिलेगा। छत्तीसगढ़ के तमाम लोकनृत्य जैसे पंथी, राउत नाचा , गेड़ी, सुआ इस फि ल्म के अंदर नज़र आएंगे। फिल्म के नि र्माता नि र्देशक महेश चंद्राकर और एक्सिक्यूटिव प्रोडूसर यशिका वैष्णव के साथ फिल्म के प्रोजेक्ट हेडपूरन किरी हैं। जिनका बॉलीवुड और छत्तीसगढ़ के कई फिल्मो में उनका योगदान रहा है, फिल्म के एसोसिएट निर्देशक ज़ैदी इम्तियाज और क्रिएटिव हेड रोहित श्रीवास्तव हैं, फिल्म का छायांकन गौरव सदौरिया के द्वारा किया जाएगा।
महेश चंद्राकर ने बताया कि यह फिल्म छत्तीसगढ़ के दर्शकों के लिए एक नया अनुभव होगा, इस फि ल्म की कहानी ज़मीन से जुडी हुई है, हमेशा दर्शकों की शिकायत होती है कि छत्तीसगढ़ी सिनेमा में छत्तीसगढ़ी कल्चर को उस तरीके से नहीं दिखाया गया है जितना दिखाया जाना चाहिए था। इस फिल्म में छत्तीसगढ़ी कल्चर को एक नए अंदाज में फिल्मया जाएगा। महेश ने आगे बतायाकि नाचा, जो छत्तीसगढ़ी गीत, नृत्य, त्यौहार, खेलकूद आदि समस्त परंपराओं का संगम होगा। यह फिल्म एक पारिवारि क फिल्म होगी, जिसे जल्द ही बड़े परदे पर देखा जा सकेगा।