रायपुर
यात्रीगण कृपया ध्यान दें... आज से 10 अगस्त तक... ट्रेनों के परिचालन में तब्दीली... 14 ट्रेनें रद्द
छत्तीसगढ़ में तेजी से फैल रहा आई फ्लू..... बिलासपुर शहर में बेकाबू हुए मामले
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आई फ्लू तेजी से अपने पैर पसार रहा है। छत्तीसगढ़ में आईफ्लू के सबसे ज्यादा मरीज बिलासपुर संभाग में देखने को मिल रहेहै। बिलासपुर शहर में फ्लू बेकाबू हो चुका है। बिलासपुर में बीते 12 घंटे के भीतर ही 500 से ज्यादा मरीज मिले हैं। लगातार फैल रहे संक्रमण को देखते हुए एक्सपर्ट ने मानसून में बच्चों का खास ध्यान रखने की सलाह दी है।
बिलासपुर के सरकारी अस्पतालों में फ्लू के 800 से ज्यादा मरीज पहुंच चुके हैं। जिन्हें आंख में तकलीफ के साथ वायरल की शिकायत थी। निजी अस्पतालों में भी लगातार मरीज बढ़ रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ संक्रमित हो चुके लोगों को घर में रहने की सलाह दी है, जिससे संक्रमण की चेन को तोड़ते हुए इसे नियंत्रण में लाया जा सके।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीकांत गिरी का कहना है कि बरसात का मौसम कई बीमारियां लेकर आता है। वायरल इंफेक्शन के साथ ही तरह-तरह के वायरस सक्रिय होते हैं. इस बार बच्चों के साथ ही बड़ों में आई फ्लू की समस्या आ रही है। इसमें ज्यादातर वायरस से होने वाली बीमारी है, जिसमें शरीर और हाथ- पैर में दर्द, आंख में दर्द, खुजली, चुभन और आंख का लाल हो जाना प्रमुख लक्षण है। यह तेजी से फैलने वाला संक्रमण है. ऐसे में किसी भी जगह को छूने और तौलिए का उपयोग करने से वायरस फैलता है. इसी तरह छींकने और खांसने से भी वायरस फैल रहा है।
दिव्यांग विद्यार्थियों ने किया शिवजी का जल अभिषेक.... बच्चे बोले हर-हर महादेव
रायपुर। अर्पण कल्याण समिति द्वारा सेक्टर 1, बजाज कालोनी, न्यू राजेंद्र,नगर में संचालित अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल में सावन माह के अवसर पर भोलेनाथ के अभिषेक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के मूक-बधिर बच्चों ने शिवलिंग का दूध, दही, शहद, भस्म एवं जल से अभिषेक किया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति से अवगत कराना था।
अभिषेक अनुष्ठान पंडित हेमंत शुक्ला ने पूर्ण कराया। सभी श्रद्घालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के सभापति व पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, समिति के प्रकाश शर्मा, विरेन्द्र शर्मा, धनंजय त्रिपाठी, ड़ॉ. राकेश पांडेय, सीमा छाबड़ा, प्राचार्य कमलेश शुक्ला, मोनिका गुप्ता, विशाल आदि मौजूद थे।
एकलव्य के विद्यार्थियों को जेईई और नीट प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगी ऑनलाईन कोचिंग
रायपुर। प्रदेश में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को जेईई और नीट प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाईन कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री मोहन मरकाम की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आदिम जाति कल्याण आवासीय एवं आश्रम संस्थान समिति ’संचालक मण्डल’ की बैठक में इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। बैठक में एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ का राज्य समिति के अनुमोदन से ही स्थानांतरण करने पर सहमति दी गई।
मंत्री मोहन मरकाम ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। यदि विद्यालय विषय-विशेषज्ञ पर्याप्त संख्या में नहीं है, तो नियमानुसार अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की जाए। इन स्कूलों का परीक्षा परिणाम बेहतर करने के लिए शिक्षकों की क्षमता विकास के लिए प्रशिक्षण दिया जाए और समय-समय पर विद्यालयों के अध्ययन-अध्यापन की समीक्षा भी की जाए।
बैठक में बताया गया कि शिक्षण सत्र 2023-24 में 25 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 12वीं कक्षाएं संचालित है। कक्षा 12वीं में अध्ययनरत 1474 विद्यार्थियों में से कक्षा 12वीं में जीव-विज्ञान के लगभग 982 विद्यार्थियों और गणित संकाय के लगभग 492 अध्ययनरत विद्यार्थियों को जेईई और नीट की प्रवेश परीक्षा की तैयारियों हेतु ऐसे विद्यालय जहां हाई स्पीड इंटरनेट स्थापित है, वहां ऑनलाईन कोचिंग दी जाएगी। वर्तमान में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में 22860 विद्यार्थियों के लिए गणवेश की आवश्यकता है।
शाला गणवेश के लिए केव्हीआईसी के स्थान पर राज्य के स्थानीय बुनकरों को प्रोत्साहन देने के लिए हाथकरघा विकास विपणन संघ मर्यादित रायपुर को कार्यादेश दिए जाने के प्रस्ताव को कार्योत्तर अनुमोदन दिया गया। इसके साथ ही एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थियों को शिक्षण सत्र 2023-24 में प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश दिए जाने का भी अनुमोदन किया गया।
सचिव डीडी सिंह ने आदिम जाति कल्याण, आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान संचालन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति ने नई दिल्ली से केन्द्र प्रवर्तित योजना अंतर्गत प्राप्त राशि से यह योजना संचालित है। इसका मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्वक शिक्षा उपलब्ध कराकर सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के समकक्ष लाना, उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हो इसके लिए कक्षा 6वीं से 12वीं तक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय प्रारंभ किए गए हैं। वर्ष 2018-19 से इन विद्यालयों में सीबीएसई के पाठ्यक्रम अनुसार अध्यापन कराया जा रहा है।
आयुक्त शम्मी आबिदी ने बताया कि शिक्षण सत्र 2023-24 में प्रदेश में संचालित कुल 74 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में 22 हजार 860 सीट स्वीकृत हैं, जिस पर प्रवेश की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। बैठक में एकलव्य विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए वनभूमि का चिन्हांकन एवं आबंटन की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही नवीन एकलव्य विद्यालय के लिए चिन्हांकित की गई वन भूमि की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई।
एकलव्य विद्यालय में एनआईसी-एसआई के माध्यम से आउटसोर्स से लेखापाल रखे जाने की समीक्षा में बताया गया कि वर्तमान में आउटसोर्स के माध्यम से लेखापाल रखे जाने के लिए प्रस्तावित 74 पदों के विरूद्ध 24 लेखापाल रखे गए हैं, शेष के संबंध में कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा एनआईसी-एसआई मंत्रालय रायपुर से मल्टी टास्किंग स्टाफ रखने का अनुमोदन किया गया।
जयंती स्टेडियम में भिलाई के युवाओ से भेंट मुलाकात करेंगे सीएम बघेल
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का संभागीय मुख्यालयों में युवाओं से भेंट-मुलाकात का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री कल 4 अगस्त को दुर्ग संभाग के युवाओं से भेंट-मुलाकात करेंगे। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम दुर्ग जिले के भिलाई में सेक्टर-6 स्थित जयंती स्टेडियम में आयोजित होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री बघेल रायपुर से पूर्वान्हः 11.30 बजे कार से प्रस्थान कर दोपहर 12.10 बजे जयंती स्टेडियम भिलाई पहुंचेंगे और वहां दोपहर 12.10 बजे से आयोजित ’भेंट-मुलाकात- युवाओं के साथ’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2.20 बजे कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान करेंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल प्रदेश के सभी संभागों में युवाओं से भेंट-मुलाकात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री रायपुर और बिलासपुर संभाग के बाद कल दुर्ग जिले के युवाओं से मुलाकात करेंगे। इस भेंट-मुलाकात के दौरान श्री बघेल छत्तीसगढ़ के विकास में युवा ऊर्जा का सदुपयोग, विकास की संभावनाओं, नवाचार, युवाओं के लिए प्रदेश सरकार की नीति, योजनाओं और उनके क्रियान्वयन तथा उपलब्धियों पर अपनी बात रखेंगे और युवाओं के जिज्ञासाओं और सवालों के जवाब भी देंगे।
युवाओं के साथ भेंट मुलाकात कार्यक्रम में दुर्ग संभाग के राजनांदगांव, कवर्धा, बालोद, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी और दुर्ग जिले के युवा, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे प्रतिभागियों सहित अन्य युवा भी मुख्यमंत्री से सीधे बात करेंगे। कार्यक्रम में दुर्ग संभाग के सभी जिलों से बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे।
पत्नि की गला दबाकर हत्या करने वाला आरोपी पति लक्ष्मी सागर शाह गिरफ्तार
रायपुर। जनता कालोनी गुढ़ियारी में पत्नी की गला दबाकर हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 2022 में दिया था घटना को अंजाम। डीएनए टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर आरोपी को किया गया गिरफ्तार। आरोपी के विरूद्ध थाना गुढ़ियारी में अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जनता कालोनी गुढ़ियारी स्थित मकान नंबर जे 709 में एक महिला की मौत की सूचना मिली, जो संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जिस पर थाना गुढियारी पुलिस की टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मकान के कमरे में देखने पर पाया गया कि मृतिका देवशाह पति लक्ष्मी सागर शाह उम्र 29 वर्ष का शव पलंग पर चीत अवस्था में पडा था, जो संदिग्ध प्रतीत हो रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉ. द्वारा मृतिका की मृत्यु दम घुटने से होना लेख किया गया।
हत्या की घटना को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा गंभीरता पूर्वक लेते हुए थाना प्रभारी गुढ़ियारी को अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया था। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में थाना गुढ़ियारी पुलिस की टीम द्वारा घटना के संबंध में मृतिका के पति लक्ष्मी सागर शाह से विस्तृत पूछताछ करने के साथ ही मृतिका के परिजन एवं मृतक के परिजनों सहित आसपास के लोगों से भी पूछताछ किया। टीम के सदस्यों द्वारा मृतिका के पति लक्ष्मी सागर से पूछताछ करने पर वह बार - बार अपना बयान बदलकर लगातार टीम के सदस्यों को गुमराह करता था,
मृतिका के शव का पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टर द्वारा मृतिका के हाथ के नाख़ून से प्राप्त संदेही के टिशू को सुरक्षित रखा गया था, कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टिशू को डी.एन.ए. टेस्ट हेतु विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया था। रिपोर्ट में विशेषज्ञों द्वारा टिशू को लक्ष्मी सागर शाह के डी.एन.ए. से मिलान होना लेख करने पर गुढ़ियारी पुलिस द्वारा मृतिका के पति आरोपी लक्ष्मी सागर को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
सतरंग में उत्कृष्टता प्राप्त चात्र पूर्व छात्रों का होगा सम्मान..... साइंस कालेज मना रहा हीरक जयंती वर्ष
रायपुर। शासकीय नागार्जुन पीजी कालेज रायपुर इस वर्ष अपना हीरक जयंती वर्ष मना रहा है। इसी तारतम्य में कालेज प्रबंधन की ओर से सतरंग कार्यक्रम का आयोजन 4 अगस्त को दोपहर 12 बजे से किया जा रहा है।
कार्यक्रम के संयोजक व्याख्याता गिरीशकांत पांडे ने बताया कि महाविद्यालय के हीरक जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जनभागीदारी समिति और महाविद्यालय परिवार की ओर से सतरंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम दीनदयाल उपाध्याय सभागृह में दोपहर 12 से 3 बजे तक आयोजित है।
उन्होंने आगे बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर पश्चिम के विधायक एवं संसदीय सचिव विकास उपाध्याय होंगें। अध्यक्षता जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष डा विकास पाठक करेंगे। कार्यक्रम में महाविद्यालयों के छात्र छात्राओं द्वारा विविध प्रकार का 'सतरंग' प्रस्तुति होगा। वहीं पूर्व छात्रों का सम्मान किया जाएगा।
'एडिटर्स राउंड टेबल' में फाइलेरियारोधी दवा सेवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा
रायपुर। राज्य में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं । केंद्र व राज्य स्तर पर 2027 तक फ़ाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य रखा गया है। फ़ाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु मीडिया सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका को समझते हुए आगामी 10 अगस्त से राज्य के फाइलेरिया प्रभावित 7 जिले दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, जांजगीर चाम्पा, सक्ति, महासमुंद, मुंगेली के 23 विकासखण्डों की 67 लाख आबादी को फाइलेरिया मुक्त करने के लिए सामूहिक दवा सेवन गतिविधि की शुरुआत की जा रही है। दवा सेवन गतिविधि के प्रति जन-मानस में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने के लिए आज रायपुर स्थित पुराने डीएचएस भवन के डीकेएस परिसर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छतीसगढ़ द्वारा फ़ाइलेरिया उन्मूलन में मीडिया सहयोगी संस्था ग्लोबल हेल्थ स्ट्रेटजीज के समन्वय से प्रमुख मीडिया संस्थानों के सम्पादकों , उप-सम्पादकों एवं ब्यूरो चीफ को फाइलेरिया रोग के प्रति और अधिक संवेदनशील करने के लिए एडिटर्स मीट का आयोजन किया गया ।
इस अवसर पर संचालक महामारी नियंत्रण, डॉ. सुभाष मिश्रा ने उपस्थित मीडिया सहयोगियों से संवाद करते हुए बताया कि राज्य सरकार फाइलेरिया रोग के उन्मूलन हेतु प्रतिबद्ध है और राष्ट्रीय फ़ाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के दिशा-निर्देश के अनुसार लोगों को इस रोग से सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक दवा सेवन गतिविधि आयोजित की जा रही है । उन्होंने बताया कि संक्रमित क्युलेक्स मच्छर के काटने से फैलेने वाला यह एक भयावह रोग है। जिसमें एक बार शारीरिक अंगों में सूजन आ जाए तो कोई उपचार या ऑपरेशन सफल नहीं होता। चूँकि इसकी पहचान सूजन आने से होती है ,जिसका उपचार नहीं हो पाता, अतः बचाव ही इसका एकमात्र उपचार है। यह संक्रमण मच्छर से फैलता है , अतः मच्छरदानी का उपयोग करना चाहिए ,घर के आसपास पानी जमा न होने दें, साफ़ सफ़ाई रखें तो फ़ाइलेरिया के साथ मलेरिया और डेंगू से भी बचा जा सकता है ।
किसी भी आयु वर्ग में होने वाला यह संक्रमण लिम्फैटिक सिस्टम को नुकसान पहुंचाता है और अगर इससे बचाव न किया जाए तो इससे शारीरिक अंगों में असामान्य सूजन होती है। फाइलेरिया के कारण चिरकालिक रोग जैसे हाइड्रोसील (अंडकोष की थैली में सूजन), लिम्फेडेमा (अंगों की सूजन) व काइलुरिया (दूधिया सफेद पेशाब) से ग्रसित लोगों को अक्सर सामाजिक बहिष्कार का बोझ सहना पड़ता है, जिससे उनकी आजीविका व काम करने की क्षमता भी प्रभावित होती है। उन्होंने बताया कि सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम के दौरान,फाइलेरिया रोधी दवाएं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर, अपने सामने निःशुल्क खिलाई जाएगी | ये दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं | किसी भी स्थिति में, दवाओं का वितरण नहीं किया जायेगा। दवाई का सेवन खाली पेट नहीं करना है। 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अति गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को फाइलेरिया रोधी दवाएं नहीं खिलाई जाएगी ।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारी, विभिन्न मीडिया माध्यमों के प्रतिनिधि व अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे ।
रायपुर से गुजरने वाली 7 ट्रेनें कैंसिल, रेलवे ने 4 और 5 अगस्त को किया रद्द
रायपुर। छत्तीसगढ़ से सफर करने वाले यात्रियों को एक बार फिर से परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हावड़ा मुंबई मेल लाइन पर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत बिलासपुर नागपुर सेक्शन में 4 अगस्त को 18 घंटे तक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाना है। यह कार्य 4 अगस्त सुबह 9 बजे से शुरू होकर 5 अगस्त के तड़के 3 बजे तक किया जाना है। जिसके चलते 7 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार 4 अगस्त को रायपुर से चलने वाली 08707 रायपुर-दुर्ग मेमू, दुर्ग से चलने वाली 08708 दुर्ग-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल, रायपुर से चलने वाली 08729 रायपुर – डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल, रायपुर से चलने वाली 08709 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी। वहीं 5 अगस्त को डोंगरगढ़ से चलने वाली 08710 डोंगरगढ़- रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल, और डोंगरगढ़ से चलने वाली 08730 डोंगरगढ़- रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी। वहीं 4 अगस्त, 3 को अंतागढ़ से चलने वाली 08815 एवं 08816 अंतागढ़-रायपुर- अंतागढ़ डेमू स्पेशल रायपुर एवं दुर्ग के बीच रद्द रहेगी।
बड़ी खबरः संविदा कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, कहा- भूपेश हैं तो भरोसा है
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते एक महीने से चल रही संविदा कर्मचारियों की हड़ताल आज समाप्त हो गई है। बता दें कि 3 जुलाई से नियमितिकरण की मांग को लेकर संविदा कर्मचारी हड़ताल पर थे। जिसकी समाप्ती की जानकारी छत्तीसगढ़ सर्व विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ ने दी है। संघ ने भूपेश है तो भरोसा है कहते हुए हड़ताल स्थगित कर दी।

बिजली लागत 40 पैसे बढ़ी, आम घरेलू उपभोक्ताओं पर केवल 15-18 पैसे का पड़ेगा भार
मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 2 अगस्त को.... दावा-आपत्ति के बाद 4 अक्टूबर को होगा अंतिम प्रकाशन
रायपुर। प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक है। ऐसे में निर्वाचन आयोग अपनी तैयारी में जुट गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने बताया कि 2 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। वहीं द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का काम भी 2 अगस्त से शुरू हो रहा है। ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने इस दिन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा राजधानी रायपुर में वॉकेथान का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रदेश केस इस बार कुल 24 हजार 109 मतदान केंद्र होंगे। इसमें से 204 केंद्र नये है। 2 अगस्त को मतदाता सूची प्रकाशन के साथ 31 अगस्त पर इसमें दावा-आपत्ति दर्ज की जा सकती है। 22 सितंबर तक दावा-आपत्ति का निराकरण किया जाएगा। आयोग द्वारा 4 अक्टूबर को अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने शहर के युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, तृतीय लिंग समुदाय के लोगों, समाज सेवी संस्थाओं तथा शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों सहित सभी नागरिकों से इसमें भाग लेने की अपील की है। वॉकेथान 2 अगस्त को सवेरे सात बजे जी.ई. रोड स्थित गांधी उद्यान चौक से शुरू होकर शहीद स्मारक भवन में समाप्त होगी।
आहार औषधि की तरह हो, नहीं तो औषधि आहार बन जाएगाः डॉ सीताराम साहू
रायपुर। सात्विक जीवन पद्धति न केवल रोगों को दूर रखकर शरीरिक समस्या से बचाता है बल्कि मानसिक परेशानियों को भी हमसे दूर रखता है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी में सात्विक पद्धति से मधुमेह प्रबंधन विषय पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रभारी मुख्य अभियंता ( प्रशिक्षण) डॉ सीताराम साहू ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि मधुमेह आधुनिक जीवन शैली से उपजी वैश्विक बीमारी है। भारत में विशेषकर इसके मरीज बड़ी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं।
यह न केवल व्यक्ति को शारीरिक रूप से कमजोर बनाता है बल्कि मानसिक रूप से निर्बल कर देता है। केन्द्रीय प्रशिक्षण संस्थान,गुढ़ियारी में विगत दिवस आयोजित कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक ( मानव संसाधन) अशोक वर्मा, मुख्य अभियंता शैलेन्द्र तंवरधारी, हर्ष मेश्राम, वरिष्ठ कल्याण अधिकारी केबीएल चौकसे सहित पॉवर कंपनी के विभिन्न कार्यालयों के 50 अधिकारी- कर्मचारी शामिल हुए।
प्राकृतिक चिकित्सक एवं विपश्यना ध्यान के आचार्य डॉ सीताराम साहू ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वस्थ जीवन के लिए तन और मन के पोषण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के नियम अचूक एवं अटूट हैं। यदि तन एवं मन में विकार होता है तो प्रकृति दण्ड देती है जो कि रोग, दुःख एवं बेचैनी के रूप में सामने आता है। उन्होंने कहा कि सात्विक जीवन में आहार तथा विचारों की सात्विकता शामिल है। उन्होंने कहा कि आहार औषधि की तरह लेनी चाहिए अन्यथा औषधि को आहार की तरह लेने की जरूरत पड़ जाती है। उन्होंने कहा कि कोई शारीरिक रोग हो जाए तो ऐसे विकार को दूर करने के लिये प्राकृतिक चिकित्सा एवं मन के विकार को दूर करने के लिये विपश्यना ध्यान कारगर उपाय है। साहू ने बताया कि पैर गरम, पेट नरम और सिर ठंडा होना एक स्वस्थ व्यक्ति की प्राथमिक पहचान है।
सीताराम साहू ने प्रतिभागियों को मन को शांत रखने के लिए सहज स्वाभाविक श्वांस के आधार पर आनापान ध्यान का अभ्यास करवाया तथा जानकारी दी कि थोड़ी देर के आनापान के अभ्यास से बेचैनी दूर होती है, मन मजबूत होता है तथा याददाश्त तेज होता है।
भिलाई में फर्जी मुन्ना भाई दे रहा था पेपर, पुलिस ने किया गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के फारेन मेडिकल ग्रेजुएट एक्जामिनेशन (एफएमजीई) की परीक्षा में मूल परीक्षार्थी की जगह शामिल हुए एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि, दूसरे कैंडिडेट्स ने इसकी शिकायत की थी। इस शिकायत पर पुलिस ने दस्तावेजों की जांच की तो शिकायत सही मिली। इसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, पार्थिव कॉलेज सिरसाकला में 20 जुलाई को फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन की परीक्षा आयोजित की गई थी। एग्जाम होने के बाद एक कैंडिडेट्स ने पुलिस में लिखित शिकायत की थी कि इस परीक्षा में मुन्ना भाई भी बैठा था। उसने बताया कि, एफएमजीई की परीक्षा में रिबादिया धुरविल कुमार हर्षद भाई की जगह किसी और ने परीक्षा दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने दस्तावेजों की जांच की। इसमंर शिकायत सही पाई गई। पुलिस ने जब इस मामले की तस्दीक की तो पता चला कि परीक्षा लखनऊ निवासी मनीष यादव ने दी थी।
पुलिस ने आरोपी मनीष यादव के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471, 34 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक जांच में पाया गया है कि, मकान नंबर 537/3 पश्चिम बिहार कॉलोनी गोमती नगर लखनऊ निवासी 31 वर्षिया मनीष यादव ने दूसरे की परीक्षा देने के लिए पहले फर्जी दस्तावेज बनाए। उसके बाद वो परीक्षा केन्द्र पार्थिवी कॉलेज पहुंचा और खुद को रिबादिया धुरविल कुमार हर्षद भाई बताते हुए उसकी जगह परीक्षा दी। पुलिस इस मामले में पूछताछ कर रही है कि वो किसी कहने पर यहां परीक्षा देने आया। उसे इसके लिए कितने रुपए का लालच दिया गया। साथ ही इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है।
जब तक आप स्वयं फैसला नहीं करते कोई आपके जीवन को नहीं बदल सकता
रायपुर। हम सभी जानते है कि नशा करना हमारे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसके बाद भी हम नशा करना नहीं छोड़ते है। यानी किसी चीज का ज्ञान होना जीवन परिवर्तन के लिए आवश्यक नहीं, बल्कि उस ज्ञान का जीवन में उपयोग करना आपकी जिंदगी में बदलाव ला सकता है। उक्त बातें छत्तीसगढ़ स्टील री रोलर्स एसोसिएशन के कार्यक्रम में पहुंचे मोटिवेशनल स्पीकर सोनू शर्मा ने कहीं। उन्होंने लाइफ और बिजनेस में कैसे आगे बढ़े इस पर अपनी स्पीच दी। जिन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
मोटिवेशनल स्पीकर सोनू शर्मा ने कहा कि हम य़ह मानते आए है कि ज्ञान ही सबसे बड़ी ताकत है। परंतु यह असत्य है। जब तक आप स्वयं खुद को बदलने का फैसला नहीं ले लेते, तब तक आपको कोई बदल नहीं सकता है। आप जिस क्षेत्र में काम करते है, उसे सर्वश्रेष्ठ बनाने का प्रयास करें।
सोनू शर्मा ने मिशन गोल्स को लेकर बताया कि जिन लोगों के पास गोल्स नहीं होते, उनकी जिंदगी भी गोल-मोल होती है। समस्या क्या है यह नहीं पता फिर भी कहते है कि सबकुछ ठीक चल रहा है। फिर धंधा क्यों नहीं चल रहा। इंसान की यह सबसे बड़ी खासियत है कि वह बदल सकता है। इसलिए दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत के साथ आप खुद को बदलिए।
सोनू शर्मा ने कहा कि यह सबको पता है कि 500 हजार किमी चलने के बाद कार का आइल चेंज करना पड़ता है, फिर बिजनेस और लाइफ में बदलाव क्यों नहीं। क्या होने वाला है इसकी तैयारी करते रहिए और बदलाव नहीं लाएंगे तो यूजलेस ही आपके पास बचेगा। अपने आप पर विश्वास करो।
जूनियर डाक्टरों की हड़ताल..... ओपीडी में डॉक्टर नहीं, सरकारी अस्पतालों में पहले दिन ही चरमराई व्यवस्था
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आंबेडकर अस्पताल बिलासपुर के सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल, रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर, जगदलपुर मेडिकल कॉलेज समेत तमाम सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में व्यवस्था चरमरा गई है। जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के कारण ओपीडी में सीनियर्स डॉक्टर्स ही बैठे हैं और बाकी चैंबर्स खाली हैं। मरीजों की कतार सिर्फ सीनियर्स के चैंबर्स के बाहर हैं. उधर, वार्डों में मरीजों को देखने के लिए कोई नहीं है।
बता दें कि जूनियर डॉक्टर्स अपना स्टायपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर पहले से ही चरणबद्ध आंदोलन करते आ रहे है। इसी के तहत बीते गुरुवार से वे काली पट्टी लगाकर काम कर रहे थे। मंगलवार से उन्होंने कामबंद हड़ताल का ऐलान किया है। उसी के अनुरूप उन्होंने हड़ताल शुरू कर दी है, इसी के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में व्यवस्था भी चरमरा गई है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ओपीडी से लेकर आईपीडी तक सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल सीनियर डॉक्टर्स व जूडा के मिलकर काम करने से संचालित होते हैं। ज्यादातर अस्पतालों में सीनियर्स सीमित संख्या में हैं, जिनकी जिम्मेदारी कॉलेज में पढ़ाने की भी होती है. अधिकांश जगहों पर जूनियर डॉक्टर ही बैठते हैं। अब जब वे हड़ताल पर हैं तो दोनों ही व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं।
जूडो को 53,550 रुपये से लेकर 59,220 रुपये स्टायपेंड मिल रहे हैं. जूनियर डॉक्टर इसे बढ़ाकर 95,488 से 1.01 लाख रुपये प्रतिमाह करने की मांग कर रहे हैं. इंटर्न छात्रों को 12 हजार 500 रुपये व बांडेड एसआर को 55 हजार रुपये स्टायपेंड मिल रहा है, अन्य राज्यों में यह कहीं ज्यादा है।