छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट, अगले कुछ घंटों में इन जिलों में बदलेगा मौसम

 Rain alert : प्रदेश में फिर एक बार मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग द्वारा प्राप्त ताज़ा जानकारी के अनुसार, बस्तर और सरगुजा संभाग में अगले कुछ घंटों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बिलासपुर संभाग के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, सरगुजा संभाग के पांच जिलों और बिलासपुर संभाग के छह जिलों, साथ ही बस्तर के पांच जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इसका प्रभाव रायपुर में भी देर शाम से महसूस किया जा सकता है।

सी.एस.के अवस्थी, मौसम विज्ञानी, ने बताया कि शाम होते-होते मौसम पूरी तरह करवट ले सकता है। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।उन्होंने यह भी कहा कि अगले 5–6 दिनों तक प्रदेश के मौसम में अस्थिरता बनी रहेगी, और इसका असर कृषि कार्यों पर भी पड़ सकता है।

बीते 24 घंटे में प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई है। जगदलपुर में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।