छत्तीसगढ़

बाइक रेस और स्टंटबाजी बनी मौत की वजह, नाबालिग नाले में गिरा, मौत

रायपुर। न्यायधानी बिलासपुर में तेज रफ्तार और स्टंटबाजी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। रेसिंग के दौरान आर 15 बाइक चला रहा एक नाबालिग हादसे का शिकार हो गया। अनियंत्रित बाइक नाले में जा गिरी, जिसमें उसकी मौत हो गई। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।

घटना रविवार सुबह करीब 7 बजे सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसमा सिटी के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 16 साल का नाबालिग दो से तीन अन्य बाइक सवारों के साथ तेज रफ्तार में रेसिंग कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से उसकी बाइक पहले एक पान ठेले से टकराई और फिर सीधे नाले में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य बाइक सवार मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान प्रेम कुमार सिंह, उम्र 16 वर्ष, पिता रामबाबू सिंह, निवासी राजकिशोर नगर सरकंडा के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर नाबालिगों द्वारा बाइक चलाने, तेज रफ्तार और स्टंटबाजी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नाबालिग को बाइक किसने और कैसे उपलब्ध कराई।