सतर्क ऐप से धान खरीदी की हो रही सख्त निगरानी : धरसीवां में 200 क्विंटल धान व ट्रक जब्त
रायपुर। धान खरीदी के लिए उपयोग में लाए जा रहे सतर्क एप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के आधार पर जिले के धान उपार्जन केंद्रों, राइस मिलों एवं समितियों में सघन जांच अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में धरसीवां विकासखंड के ग्राम दोंदेकला स्थित प्राथमिक कृषि साख सेवा सहकारी समिति में संयुक्त जांच दल द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान पीडी राइस मील की संचालक नूतन अग्रवाल, से संबंधित 500 कट्टा (200 क्विंटल) धान एवं परिवहन में प्रयुक्त ट्रक CG 04 JE 0813 को जप्त करते हुए राइस मील को सील किया गया।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी एवं उठाव की निगरानी के लिए राज्य शासन द्वारा इस वर्ष सतर्क ऐप के माध्यम से नई तकनीकी व्यवस्था लागू की गई है। इसके अंतर्गत धान खरीदी एवं परिवहन की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। जीपीएस तकनीक से वाहनों की ट्रैकिंग की जा रही है तथा संवेदनशील उपार्जन केंद्रों में लगाए गए कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है।
अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने बताया कि सतर्क ऐप से प्राप्त शिकायतों पर आगामी तीन दिनों के भीतर राजस्व, मंडी एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच की जाएगी। जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित राइस मिलों को काली सूची में डालने एवं आवश्यकतानुसार सील करने की कार्रवाई की जाएगी। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं किसान हितैषी बनाए रखने के लिए सतत निगरानी एवं कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।