बिलासपुर रेल मंडल ने रचा इतिहास, 288 दिनों में 1500 लाख टन माल लदान कर बनाया नया कीर्तिमान
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने भारतीय रेल के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड दर्ज किया है। मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में महज 288 दिनों में 1500 लाख टन माल लोडिंग कर देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। यह अब तक का सबसे तेज और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले यह रिकॉर्ड धनबाद मंडल के नाम था, जिसने 289 दिनों में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं बिलासपुर मंडल ने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का बिलासपुर मंडल लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। चालू वित्तीय वर्ष में 13 जनवरी तक, यानी 288 दिनों में मंडल ने 1500 लाख टन से अधिक माल लोडिंग कर ली है।माल परिवहन में कोयला सबसे प्रमुख रहा, जिसकी लोडिंग 1426 लाख टन से अधिक दर्ज की गई।इसके अलावा लौह अयस्क, सीमेंट, कंटेनर, कच्चा माल और अन्य वस्तुओं के परिवहन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। राजस्व की बात करें तो 13 जनवरी तक मंडल का लक्ष्य था 17,490 करोड़ रुपये, जबकि वास्तविक आय 17,800 करोड़ रुपये तक पहुँच चुकी है। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आय 16,890 करोड़ रुपये थी।
बिलासपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने बताया यह उपलब्धि मंडल के सभी विभागों के बेहतर समन्वय, कर्मठ कर्मचारियों और लोको पायलटों की मेहनत का परिणाम है।हम आगे भी इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ काम करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।