छत्तीसगढ़

सुरक्षाबल के जवानों ने 2 नक्सलियों को मार गिराया, सुबह से रुक-रुक कर हो रही फायरिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के नेशनल पार्क के जंगलों में सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में 2 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। वहीं, नक्सली नेता पापाराव के होने की सूचना भी मिल रही है। फिलहाल, इसकी आधकारिक पुष्टि पुलिस के अफसर नहीं कर रहे है।  

जानकारी के अनुसार, मौके से AK-47 बरामद किया गया है। शनिवार सुबह से ही संयुक्त टीम और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। सुरक्षा कर्मियों के जवान नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान उनका नक्सलियों की एक बड़ी टुकड़ी से सामना हो गया। 

बताया जा रहा कि, मुठभेड़ अभी भी जारी है और सुरक्षाकर्मियों द्वारा इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। मारे गए नक्सलियों के शवों को बरामद करने और अन्य नक्सलियों की तलाश के लिए सर्च अभियान तेज कर दिया गया है।

बीजापुर पुलिस ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि, अभियान अभी जारी है, इस लिए मुठभेड़ की जगह, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाकर्मियों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारी इस वक्त साझा नहीं की जा सकती है।