कबाड़ से कमाल: बिलासपुर के वेल्डर ने हजारों में बनाई लाखों की मशीन.
2026-04-14 12:10 PM
92
बिलासपुर – इंसान में अगर कुछ करने की चाह हो, तो मंज़िल खुद रास्ता बना लेती है। बिलासपुर से एक ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जहां नगर निगम में कार्यरत एक साधारण कर्मचारी ने अपने हुनर से असाधारण काम कर दिखाया है।
नगर निगम में वेल्डर के पद पर कार्यरत प्रदीप विश्वकर्मा ने सीमित संसाधनों में मच्छरों से निपटने के लिए एक अनोखी मशीन तैयार की है। खास बात यह है कि जहां इस तरह की मशीनों की कीमत लाखों में होती है, वहीं प्रदीप ने इसे महज हजारों रुपये में और सिर्फ 16 दिनों में बना दिया।
इस मशीन ने न सिर्फ नगर निगम का खर्च कम किया है, बल्कि शहर के स्वच्छता अभियान को भी नई दिशा दी है। प्रदीप पहले भी अपने हुनर से शहर के उद्यानों और सार्वजनिक स्थलों को संवार चुके हैं, जिनकी बनाई संरचनाएं आज भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
स्वच्छता में देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर चुके बिलासपुर के लिए यह गर्व की बात है कि यहां ऐसे कर्मठ कर्मचारी मौजूद हैं। प्रदीप विश्वकर्मा की कहानी यही सिखाती है कि बड़े काम करने के लिए बड़े संसाधन नहीं, बल्कि बड़ा जज्बा होना जरूरी है।