छत्तीसगढ़

हाथ में हथियार लेकर स्कूल में घुस गया युवक, शिक्षकों और बच्चों में मची दहशत,

रायपुर। बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। ग्राम ढोलमौहा के शासकीय प्राथमिक शाला में एक युवक हाथ में धारदार तलवारनुमा चापड़ लेकर पहुंच गया और शिक्षकों एवं बच्चों को डराने-धमकाने लगा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार27 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ढोलमौहा निवासी शिवरतन दास मानिकपुरी (42 वर्ष) हाथ में धारदार चापड़ लहराते हुए शासकीय प्राथमिक शाला पहुंचा है और वहां मौजूद शिक्षकों व बच्चों को डरा-धमका रहा है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल परिसर पहुंचकर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवारनुमा चापड़ बरामद किया। गवाहों की मौजूदगी में हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी शिवरतन दास मानिकपुरी को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामला गैर-जमानती होने के कारण उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) माधुलिका सिंह तथा एसडीओपी नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।